‘बहुत बड़ा सम्मान’: साईराज बहुतुले बने भारतीय टीम के स्पिन बॉलिंग कोच!

भारत के पूर्व लेग स्पिनर साईराज बहुतुले को मंगलवार को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का नया स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया। इससे पहले वह इंडिया अंडर-19 और इंडिया ए टीमों के साथ भी काम कर चुके हैं।

हाल ही में खत्म हुए IPL में बहुतुले पंजाब किंग्स की टीम के साथ नजर आए थे। उन्होंने भारत के लिए दो टेस्ट और आठ वनडे मैच खेले हैं।

BCCI ने अपने बयान में कहा, “भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग कोच के रूप में श्री साईराज बहुतुले की नियुक्ति की घोषणा करते हुए खुशी महसूस कर रहा है।”

53 वर्षीय बहुतुले घरेलू क्रिकेट के बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उन्होंने लगभग दो दशकों के अपने फर्स्ट क्लास करियर में 6176 रन बनाए और 630 विकेट हासिल किए।

क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद बहुतुले ने एक शानदार कोचिंग करियर बनाया। वह बंगाल, गुजरात, केरल और विदर्भ जैसी टीमों के मुख्य कोच रह चुके हैं। इसके अलावा 2021 से 2024 तक वह BCCI की नेशनल क्रिकेट अकादमी, जिसे अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कहा जाता है, से जुड़े रहे।

उन्होंने IPL टीमों राजस्थान रॉयल्स और हाल ही में पंजाब किंग्स के साथ स्पिन बॉलिंग कोच के रूप में भी काम किया।

भारतीय खिलाड़ियों के विकास में भी उनका अहम योगदान रहा है। 2022 में वह भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के बॉलिंग कोच थे और 2024 में सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रहे।

साईराज इससे पहले इंडिया ए और सीनियर पुरुष टीम के साथ भी कई बार स्पेशलिस्ट बॉलिंग कोच के तौर पर काम कर चुके हैं।

अपनी नियुक्ति पर साईराज ने कहा, “भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन बॉलिंग कोच बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। एक खिलाड़ी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात थी और अब कोच के रूप में फिर से भारतीय क्रिकेट में योगदान देने का मौका मिलना बेहद खास है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने और हर फॉर्मेट में टीम को बेहतर बनाने में अपना योगदान देने के लिए उत्साहित हूं।”

अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से मुल्लांपुर में शुरू होने वाला एकमात्र टेस्ट मैच भारतीय टीम के साथ उनका पहला असाइनमेंट होगा। इस मुकाबले में वह मानव सुथार और हर्ष दुबे जैसे युवा स्पिनरों के साथ काम करते नजर आएंगे।