
राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान रियान पराग ने बुधवार को एलिमिनेटर मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी की शानदार पारी की जमकर तारीफ की। हालांकि, पराग का मानना था कि उनकी टीम बल्लेबाज़ी में और बेहतर कर सकती थी और कम से कम 260 रन तक पहुंचना चाहिए था। उन्होंने कहा कि टीम को अच्छी शुरुआत मिलने के बाद पारी को बेहतर तरीके से खत्म करने पर ध्यान देना होगा।
वैभव सूर्यवंशी की 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी और जोफ्रा आर्चर-नांद्रे बर्गर की पावरप्ले गेंदबाज़ी की बदौलत RR ने शानदार फॉर्म में चल रही SRH को हराकर फाइनल से सिर्फ एक कदम दूर पहुंच गई है।
मैच के बाद रियान पराग ने कहा, “मुझे परफेक्शन पसंद है। मुझे पता है कि कोई मैच पूरी तरह परफेक्ट नहीं हो सकता, लेकिन आज भी हमें 260 रन बनाने चाहिए थे। इस पर हमें थोड़ा काम करने की जरूरत है कि वैभव जैसी शुरुआत मिलने के बाद पारी को कैसे बेहतर तरीके से खत्म करें।
लेकिन गेंदबाज़ी में मैं काफी प्रभावित हूं। मुझे लगा कि हमने दबाव में भी अपना धैर्य बनाए रखा। ईशान और ट्रैविस ने शुरुआत में कुछ चौके लगाए, लेकिन उसके बाद हमने शानदार वापसी की। कुल मिलाकर यह बहुत अच्छा प्रदर्शन था।”
पराग ने यह भी कहा कि वह वैभव सूर्यवंशी के साथ ज्यादा बातचीत नहीं करते और उन्हें खुलकर खेलने देना ही बेहतर है।
उन्होंने कहा, “उसे बल्लेबाज़ी करना बहुत पसंद है, जैसा कि मैंने पहले भी कहा है। इसलिए हम उसे नेट्स में खूब बल्लेबाज़ी अभ्यास करवाते हैं और फिर वह मैदान पर जाकर अपना खेल खेलता है।”
रियान ने यह भी माना कि टीम के आखिरी दो लीग मैच काफी अहम थे और उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा, “जब सब कुछ दांव पर होता है, तब हर खिलाड़ी और ज्यादा मेहनत करता है। पूरे सीजन में सभी ने मेहनत की, लेकिन खासकर आखिरी दो मैचों में हर कोई थोड़ा और बेहतर तरीके से सामने आया।”
पराग ने तेज गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर को “विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ों में से एक” बताया। आर्चर ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए एक और मैच में तीन विकेट लिए और उनके विकेटों की संख्या 24 हो गई।
पराग ने मजाकिया अंदाज़ में कहा, “अभिषेक के खिलाफ जोफ्रा की पहली गेंद पर लगभग कैच बन गया था, लेकिन गेंद थोड़ी वाइड थी। मैंने जाकर कहा कि थोड़ा सीधा गेंद डालो। फिर उसने विकेट लिया और मुस्कुराते हुए पूछा — अब ठीक है?
मुझे लगता है कि वह दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाज़ों में से एक हैं। जब कोई 150 की स्पीड से गेंद डाल रहा हो, तो आप उसे कुछ सिखाने नहीं जाते। बस उसे खेलने देते हैं और वह अपना काम खुद कर लेता है।”
हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे रियान पराग ने यह भी कहा कि वह गुजरात टाइटंस के खिलाफ शुक्रवार को होने वाले क्वालिफायर 2 से पहले अभ्यास नहीं करेंगे और सिर्फ रिकवरी पर ध्यान देंगे।








