IPL 2026: ऋषभ पंत के भविष्य पर उठने लगे सवाल, लखनऊ सुपर जायंट्स में कप्तानी बदलाव के संकेत!

दो निराशाजनक आईपीएल सीजन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स में कप्तान बदलने की संभावना बढ़ गई है। टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने स्वीकार किया कि कप्तान ऋषभ पंत कप्तानी के दबाव को संभालने में संघर्ष करते नजर आए।

मुंबई इंडियंस के आखिरी मैच के नतीजे के आधार पर लखनऊ सुपर जायंट्स आईपीएल 2026 में नौवें या दसवें स्थान पर समाप्त करेगी। पंत की कप्तानी में टीम ने दो सीजन में 28 मुकाबलों में सिर्फ 10 जीत हासिल की।

पंजाब किंग्स से सात विकेट की हार के बाद टॉम मूडी ने कहा, “कप्तानी के नजरिए से देखें तो यह उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा है और परिणाम भी यही दिखाते हैं। यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या कप्तानी का दबाव उनकी बल्लेबाजी पर भी असर डाल रहा है। यह सीजन हमारे लिए कठिन रहा, लेकिन हम इस पर विचार करेंगे, समय लेकर हर पहलू की समीक्षा करेंगे।”

27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर खरीदे जाने के बाद से ही ऋषभ पंत पर भारी दबाव था। बल्लेबाजी में भी वह अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ सके।

भारत के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में गिने जाने वाले पंत ने 2018 और 2019 में शानदार प्रदर्शन किया था। 2018 में उन्होंने 173.60 के स्ट्राइक रेट से 684 रन बनाए थे, जबकि 2019 में 162.66 के स्ट्राइक रेट से 488 रन जोड़े थे।

हालांकि लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए दो सीजन में उन्होंने 135.74 के स्ट्राइक रेट से 581 रन बनाए, जो उनके करियर स्ट्राइक रेट 144.18 से काफी कम रहा।

मूडी की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब पंत को वनडे टीम से बाहर किया गया और टेस्ट टीम की उपकप्तानी भी केएल राहुल को सौंप दी गई।

मूडी ने आगे कहा, “हम निश्चित रूप से अपनी उम्मीदों और मानकों पर खरे नहीं उतरे। फ्रेंचाइजी की लीडरशिप को लेकर हमें गंभीरता से विचार करना होगा कि भविष्य में इसका स्वरूप कैसा होगा। हर विभाग की तरह हम इस सीजन की समीक्षा करेंगे और सोच-समझकर फैसले लेंगे। ऐसा लगता है कि हमें एक नए सिरे से शुरुआत करने की जरूरत है।”

हालांकि मूडी ने खराब प्रदर्शन के लिए किसी एक खिलाड़ी को जिम्मेदार ठहराने से इनकार किया और पूरी टीम को जिम्मेदार माना।

उन्होंने कहा, “हम सब जिम्मेदार हैं। यह किसी एक खिलाड़ी पर उंगली उठाने का समय नहीं है। हम सभी जवाबदेही लेते हैं। अभी किसी एक विभाग को दोष देने का समय नहीं है। हमें शांत तरीके से इस पूरे सीजन पर विचार करने की जरूरत है। कुछ चीजें हैं जिन्हें सुधारना होगा और उन पर काम किया जाएगा।”