आईपीएल 2026: पैट कमिंस की शांत कप्तानी ने सनराइजर्स हैदराबाद को बनाया खिताब का मजबूत दावेदार!

पूर्व मुंबई इंडियंस हेड कोच मार्क बाउचर के अनुसार, सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस अपनी योजनाओं पर भरोसा रखते हैं और बिना घबराए उन्हें साफ तरीके से लागू करते हैं, बजाय इसके कि वह मैच के दबाव में आकर बार-बार बदलाव करें।

लंबी चोट के कारण इस साल आईपीएल के ग्रुप स्टेज का लगभग आधा हिस्सा मिस करने के बाद कमिंस ने एसआरएच टीम को जॉइन किया। हालांकि, मैदान पर उन्होंने जरा भी जंग नहीं लगने दी और अब तक छह मैचों में आठ विकेट लेकर अपनी टीम को टॉप-2 में पहुंचने की रेस में बनाए रखा है।

मार्क बाउचर ने जियोहॉटस्टार पर कहा, “मुझे उनके बारे में सबसे ज्यादा जो चीज पसंद है, वह है उनका काम करने का तरीका। वह बेहद टैलेंटेड क्रिकेटर हैं, लेकिन उससे भी ज्यादा समझदार इंसान हैं। अगर उन्हें चौका भी पड़ जाए, तब भी उनके अंदर कोई घबराहट नहीं दिखती। उन्हें हमेशा पता होता है कि अगली गेंद पर क्या करना है।”

उन्होंने आगे कहा, “वह मैच के पीछे भागने या बेवजह चीजें बदलने की कोशिश नहीं करते। वह शांत रहते हैं, अपनी योजनाओं पर टिके रहते हैं और उन्हें पूरी स्पष्टता के साथ लागू करते हैं। उन्होंने खुद आगे बढ़कर नेतृत्व किया और उनके साथियों ने भी शानदार तरीके से उनका साथ दिया।”

बाउचर ने हेनरिक क्लासेन की भी जमकर तारीफ की और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उनकी 47 रन की पारी को धीमी पिच पर ‘मास्टरक्लास’ बताया।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि उन्हें एक अकादमी खोलनी चाहिए और हम बाकी लोगों को सिखाना चाहिए, क्योंकि वह पारी सच में मास्टरक्लास थी। ऐसी पिच पर जहां गेंद रुक रही थी और टर्न हो रही थी, वह एक साफ योजना के साथ बल्लेबाजी करने आए। उन्होंने अपने फुटवर्क का शानदार इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें मैदान के दोनों तरफ शॉट खेलने का मौका मिला।”

बाउचर ने आगे कहा, “उन्होंने गेंद को ज्यादा स्क्वायर खेलने की कोशिश की, जो बिल्कुल सही रणनीति थी। रिवर्स स्वीप जैसे शॉट्स से यह साफ नजर आया।”