
शनिवार को कोलकाता में गुजरात टाइटंस के खिलाफ IPL 2026 मुकाबले के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा वरुण चक्रवर्ती से उनका पूरा चार ओवर का स्पेल करवाने के बाद “देश बनाम क्लब” की बहस फिर से शुरू हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत के स्टार टी20 स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हेयरलाइन फ्रैक्चर से जूझ रहे हैं और उन्हें आराम की जरूरत थी।
भारतीय टीम से जुड़े लोग वरुण को दर्द में लंगड़ाते हुए गेंदबाजी करते देख खुश नहीं हैं, खासकर तब जब अगले महीने भारत को डबलिन और इंग्लैंड में सात टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं।
एक वरिष्ठ बीसीसीआई अधिकारी ने PTI से कहा,
“मुझे पता है कि KKR के फिजियो भारतीय टीम के फिजियो कमलेश जैन के संपर्क में हैं। KKR की तरफ से BCCI को बताया गया है कि पिछले मैच में बाउंड्री बचाने के दौरान वरुण के बाएं पैर में चोट लगी थी। समझा जाता है कि उन्हें हेयरलाइन फ्रैक्चर है। मेरा मानना है कि BCCI के केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ी होने के नाते उनकी फिटनेस सबसे अहम है और BCCI की मेडिकल टीम इसमें हस्तक्षेप कर सकती है। कमलेश जैन से पूछा जा सकता है कि KKR मेडिकल टीम की तरफ से क्या इनपुट मिला था।”
अब सवाल यह उठ रहा है कि अगर चोट बढ़ गई तो क्या वरुण 26 जून से शुरू होने वाले यूके दौरे तक पूरी तरह फिट हो पाएंगे? वरुण को टी20 स्पेशलिस्ट माना जाता है और अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में टी20 मैच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि जब वरुण साफ तौर पर रन-अप पर लौटते समय असहज दिख रहे थे, तब उन्हें गेंदबाजी जारी रखने क्यों दी गई? उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ तीन डॉट गेंदें डालीं और बिना विकेट लिए 47 रन खर्च किए।
अधिकारी ने आगे कहा, “अगर वरुण को RCB के खिलाफ पिछले मैच में पैर की चोट की वजह से आराम दिया गया था, तो यह जानना जरूरी है कि चार दिन के ब्रेक के बाद भी वह उस मैच (13 मई) में नहीं खेल सके, लेकिन शनिवार को मैदान पर उतर गए। हां, KKR का अभियान दांव पर है, लेकिन क्या BCCI फ्रेंचाइजियों को इस तरह की लापरवाही की अनुमति दे सकता है? खिलाड़ी दर्द में भी खेलना चाहता है, लेकिन क्या यह सही है?”
अब देखना दिलचस्प होगा कि बीसीसीआई की मेडिकल टीम, जिसकी अगुवाई फिजियो कमलेश जैन कर रहे हैं, KKR को अपने बाकी दो लीग मैचों में वरुण चक्रवर्ती को न खिलाने की सलाह देती है या नहीं। KKR को अब 20 मई को मुंबई इंडियंस और 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ ईडन गार्डन्स में मुकाबले खेलने हैं।








