
पूर्व भारतीय मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना है कि युवा बल्लेबाजी सनसनी वैभव सूर्यवंशी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने चयनकर्ताओं से अपील की है कि उन्हें जल्द से जल्द भारतीय टी20 टीम में शामिल किया जाए।
राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से धमाल मचा दिया है। इससे पहले इसी साल उन्होंने भारत को ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में भी अहम भूमिका निभाई थी।
11 पारियों में बाएं हाथ के इस ओपनर ने 40 की औसत और 236.56 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 440 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 40 छक्के और 38 चौके लगाए हैं, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में लगाया गया शानदार शतक भी शामिल है।
रवि शास्त्री इस 15 वर्षीय बल्लेबाज की निडर बल्लेबाजी और आक्रामक अंदाज से बेहद प्रभावित हैं। उनका मानना है कि वैभव अगले महीने आयरलैंड दौरे पर ही भारत के लिए सीनियर डेब्यू कर सकते हैं।
शास्त्री ने द ICC रिव्यू में कहा, “दरवाजा उसके लिए तीन-चौथाई खुल चुका है। मैं यह पूरी तरह विश्वास के साथ कह सकता हूं, क्योंकि अगर आप किसी युवा खिलाड़ी को जल्दी से टीम सेटअप में शामिल करना चाहते हैं, तो टी20 फॉर्मेट सबसे सही मंच है। और इस खिलाड़ी में किसी भी तरह की कमी नहीं है। मौजूदा समय में वह दुनिया की कई टीमों में सीधे जगह बना सकता है। उसकी युवा ऊर्जा और आत्मविश्वास उसके चेहरे पर साफ नजर आता है।”
शास्त्री ने कहा कि आईपीएल में अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ जिस परिपक्वता के साथ वैभव बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसके बाद उनकी उम्र चर्चा का विषय नहीं होनी चाहिए।
गौरतलब है कि पिछले साल सिर्फ 14 साल की उम्र में वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था और सात मैचों में 252 रन बनाए थे। अपने तीसरे आईपीएल मैच में ही उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाकर टूर्नामेंट का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा था।
शास्त्री ने कहा, “बहुत लोग पूछेंगे कि वह 15 साल का है, 16 का है या 14 का। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं सिर्फ यह देखता हूं कि वह इस समय कैसी बल्लेबाजी कर रहा है और अपने से दोगुनी या ढाई गुना उम्र के खिलाड़ियों के खिलाफ किस आत्मविश्वास से खेल रहा है। उसे किसी बात का डर नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरे हिसाब से वह पूरी तरह चयन की दौड़ में है। और जब आयरलैंड जैसे दौरे सामने हैं, तो मैं तुरंत उसे टीम में देखने के बारे में सोचूंगा।”








