‘कुछ भी जटिल नहीं’: एलएसजी से हार के बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने समझाया सीएसके का प्लेऑफ समीकरण!

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शुक्रवार को मिली हार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को झटका जरूर लगा है, लेकिन कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ इस हार से ज्यादा परेशान नहीं दिखे और उन्होंने टीम का फोकस बाकी बचे दोनों मुकाबलों पर बनाए रखा है।

गायकवाड़ ने माना कि गेंदबाजों का दिन अच्छा नहीं रहा और टीम अब अपनी कमियों पर काम करेगी। सीएसके को प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए अब अपने बाकी दोनों लीग मैच जीतने होंगे और साथ ही दूसरे मुकाबलों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।

प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी एलएसजी ने शुक्रवार को मिशेल मार्श की 38 गेंदों में 90 रन की विस्फोटक पारी के दम पर सीएसके को सात विकेट से हराकर उसकी राह मुश्किल कर दी।

गायकवाड़ ने कहा, “आज गेंदबाजों का दिन खराब रहा। पहली चुनौती चेन्नई पहुंचना है और फिर उन क्षेत्रों में सुधार करना है जहां हमें बेहतर होने की जरूरत है। इसके बाद बाकी दोनों मैचों की परिस्थितियों को समझकर खुद को ढालना होगा।”

हालांकि सीएसके कप्तान ने प्लेऑफ की उम्मीदों को लेकर सकारात्मक रुख बनाए रखा।

उन्होंने कहा, “यह बिल्कुल आसान है, इसमें कुछ भी जटिल नहीं है। चिंता करने की जरूरत नहीं है। बस हमें यह सुनिश्चित करना है कि हमारा दिन अच्छा जाए और उम्मीद है कि हम चीजों को अपने पक्ष में मोड़ देंगे।”

गायकवाड़ ने माना कि इस विकेट पर 190 रन का स्कोर प्रतिस्पर्धी था क्योंकि पिच तेज गेंदबाजों को मदद दे रही थी। लेकिन उन्होंने एलएसजी बल्लेबाजों की तारीफ भी की।

उन्होंने कहा, “तेज गेंदबाजों के लिए पिच पर थोड़ी मदद थी। हार्ड लेंथ गेंदों पर शॉट खेलना आसान नहीं था। हम 160-170 के स्कोर की सोच रहे थे, लेकिन 180 तक पहुंच गए। बल्लेबाजी के नजरिए से हम इससे ज्यादा कुछ खास नहीं कर सकते थे।

उन्होंने (एलएसजी बल्लेबाजों ने) बहुत अच्छी बल्लेबाजी की और कुछ बेहतरीन शॉट खेले। हम शॉर्ट गेंदों की योजना बना रहे थे, लेकिन जोश इंग्लिस ने पिछले मैच में अलग तरह से बल्लेबाजी की थी और मार्श शॉर्ट गेंदों को अच्छी तरह खेलते हैं, इसलिए हम हार्ड लेंथ पर गेंदबाजी करना चाहते थे।

हम अपनी योजना को सही तरह से लागू नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने शानदार शॉट खेले। कभी-कभी विपक्षी टीम आपसे बेहतर क्रिकेट खेलती है और आपको इसे स्वीकार करना पड़ता है।”

वहीं दूसरी तरफ एलएसजी कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि भले ही टीम का सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं गया हो, लेकिन जीत हासिल करना शानदार एहसास है।

पंत ने कहा, “जीत हासिल करना हमेशा अच्छा लगता है। सीजन जैसा भी खत्म हो, हम हर मैच में पूरी शिद्दत से खेलना चाहते हैं और हमें इस पर गर्व है।”

उन्होंने आगे कहा, “चार तेज गेंदबाजों की रणनीति हमारे लिए काम कर रही है। हमारी टीम शानदार है। सिर्फ एक चीज हमें नुकसान पहुंचा सकती है और वह है जरूरत से ज्यादा सोचना।”

अपने सामान्य नंबर-4 स्थान पर बल्लेबाजी नहीं करने को लेकर पंत ने कहा कि यह फैसला उन खिलाड़ियों को मौका देने के लिए लिया गया था जिन्हें ज्यादा मैच खेलने का अवसर नहीं मिला।

उन्होंने कहा, “मैं बल्लेबाजी के लिए तैयार था, लेकिन हमने सोचा कि जिन खिलाड़ियों को ज्यादा मौके नहीं मिले हैं, उन्हें आजमाया जाए। मैं मैदान पर उतरना चाहता था, लेकिन कभी-कभी कुछ फैसलों का सम्मान करना पड़ता है।”