
आईसीसी की पुरुष वनडे टीम रैंकिंग के ताजा वार्षिक अपडेट के बाद भारत ने शीर्ष स्थान बरकरार रखा है, जबकि मौजूदा विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
सोमवार को जारी बयान में ICC ने कहा, “ताजा वार्षिक अपडेट के बाद भारत ICC पुरुष वनडे टीम रैंकिंग में शीर्ष पर बना हुआ है। भारत 118 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड (113 अंक) से पांच अंकों की बढ़त बनाए हुए है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 109 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कायम है।”
भारत के रेटिंग अंक में हालांकि एक अंक की मामूली गिरावट आई है।
ICC के वार्षिक अपडेट में मई 2025 से खेले गए मैचों को 100 प्रतिशत वेटेज दिया गया है, जबकि उससे पहले के दो वर्षों के परिणामों को 50 प्रतिशत वेटेज मिला है।
दक्षिण अफ्रीका ने 102 अंकों के साथ पाकिस्तान (98 अंक) को पीछे छोड़ते हुए टॉप-4 में जगह बना ली है।
श्रीलंका (96), अफगानिस्तान (93) और इंग्लैंड (89) क्रमशः छठे, सातवें और आठवें स्थान पर हैं, जबकि शीर्ष-10 की बाकी टीमों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
बांग्लादेश 84 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है, जबकि वेस्टइंडीज 74 अंकों के साथ उससे 10 अंक पीछे है। पिछली अपडेट में दोनों टीमों के बीच केवल छह अंकों का अंतर था।
ICC ने कहा, “इस परिणाम का दोनों टीमों पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ेगा क्योंकि वे ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 के लिए सीधी क्वालिफिकेशन हासिल करने की कोशिश कर रही हैं।”
ICC ने आगे बताया, “31 मार्च 2027 तक ICC रैंकिंग में शीर्ष आठ टीमों को मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ सीधे विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे पहले ही मेजबान होने के कारण क्वालिफाई कर चुके हैं।”
दक्षिण अफ्रीका का टॉप-8 में बने रहना इसलिए अहम हो जाता है क्योंकि उनकी नौवीं पोजिशन किसी अन्य टीम के लिए सीधे विश्व कप टिकट का रास्ता खोल सकती है।
आयरलैंड (54 अंक) ने जिम्बाब्वे (53 अंक) को पीछे छोड़ते हुए 11वां स्थान हासिल किया है। वहीं अमेरिका 46 अंकों के साथ स्कॉटलैंड (44 अंक) से आगे निकलकर 13वें स्थान पर पहुंच गया है।
यूएई ने भी सुधार किया है और 16 अंकों के साथ कनाडा को पीछे छोड़ते हुए 19वां स्थान हासिल कर लिया है।








