
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हेड कोच एंडी फ्लावर पर रविवार को रायपुर में मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान चौथे अंपायर के साथ बहस करने के कारण आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने पर उनकी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
यह घटना 18वें ओवर में हुई, जब थर्ड अंपायर के एक विवादित फैसले के कारण आरसीबी को बाउंड्री नहीं मिली। इसके बाद एंडी फ्लावर और दिनेश कार्तिक चौथे अंपायर के पास जाकर फैसले पर सवाल उठाने पहुंचे। हालांकि, दिनेश कार्तिक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आईपीएल ने अपने बयान में कहा, “रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हेड कोच एंडी फ्लावर पर खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए आईपीएल आचार संहिता के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए उनकी लागू मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।”
बयान में आगे कहा गया, “एंडी फ्लावर को आईपीएल आचार संहिता के अनुच्छेद 2.3 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो मैच के दौरान ‘सुनाई देने वाली अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल’ से संबंधित है। यह घटना 17.2 ओवर में हुई जब एंडी ने चौथे अंपायर से आक्रामक तरीके से बात की।”
“एंडी ने अपना दोष स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को भी मान लिया।”
167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं इस हार के साथ मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।








