
पूर्व इंग्लैंड महिला विकेटकीपर सारा टेलर को अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड पुरुष टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया गया है। यह फैसला ऐतिहासिक माना जा रहा है।
2017 वर्ल्ड कप विजेता टेलर हाल ही में इंग्लैंड लायंस पुरुष टीम (दूसरी श्रेणी की टीम) में एंड्रयू फ्लिंटॉफ की सहायक कोच के रूप में काम कर रही थीं।
36 वर्षीय टेलर अब इंग्लैंड की किसी प्रमुख पुरुष खेल टीम में सबसे वरिष्ठ महिला कोच बनकर इतिहास रच चुकी हैं।
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने कभी टेलर को “दुनिया की सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर” बताया था। टेलर ने 2021 में ससेक्स की कोचिंग टीम से जुड़कर अपने कोचिंग करियर की शुरुआत की थी और अगले सीजन में ‘द हंड्रेड’ फ्रेंचाइजी मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की कोच भी बनीं।
टेलर ने 2015 में ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रचा था जब वह नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स की ओर से फर्स्ट-ग्रेड यानी सीनियर क्लब क्रिकेट खेलने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी थीं।
4 जून से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में टेलर इंग्लैंड टीम के साथ जुड़ेंगी।
इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की ने कहा, “उन्होंने लायंस टीम के साथ काफी काम किया है। हम उनके काम करने के तरीके से बेहद प्रभावित हैं। मुझे लगता है कि वह अपने काम में सबसे बेहतरीन लोगों में से एक हैं।”
इससे पहले आयरलैंड की कैथ डाल्टन पाकिस्तान सुपर लीग में मुल्तान सुल्तांस की फास्ट बॉलिंग कोच रह चुकी हैं, जबकि टेलर की पूर्व इंग्लैंड टीममेट एलेक्स हार्टले स्पिन कोच की भूमिका निभा चुकी हैं।
अन्य खेलों में भी महिलाओं ने पुरुष टीमों में अहम भूमिकाएं निभाई हैं। टेनिस में ब्रिटेन के तीन बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन एंडी मरे ने अमेली मोरेस्मो के साथ काम किया था, जबकि फुटबॉल में मैरी-लुईस एटा को अप्रैल में बुंडेसलीगा क्लब यूनियन बर्लिन का अंतरिम मैनेजर नियुक्त किया गया था।








