
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रमुख तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने शुक्रवार को स्वीकार किया कि चोट से उबरने की प्रक्रिया के कारण आईपीएल 2026 में उनकी देर से एंट्री उनके लिए काफी मुश्किल रही। उन्होंने कहा कि 35 साल की उम्र में उन्हें अपनी चोटों को समझते हुए मैदान पर वापसी के लिए जरूरी समय देना पड़ा।
151 दिनों के लंबे अंतराल के बाद हेज़लवुड ने पिछले हफ्ते गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में वापसी की। वह नवंबर 2025 से कई चोटों से जूझ रहे थे।
हेज़लवुड ने कहा, “इस बार मैं काफी लंबे समय तक खेल से दूर रहा। जब एशेज और वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट चल रहे हों, तब घर पर रहकर रिहैब करना आसान नहीं होता। मैं आईपीएल के लिए जल्द से जल्द वापसी करना चाहता था, लेकिन जल्दबाज़ी भी नहीं करना चाहता था।”
उन्होंने बताया कि साल की शुरुआत में उन्होंने एशेज या टी20 वर्ल्ड कप के अंतिम चरण में वापसी की कोशिश भी की थी, लेकिन चोटों ने उन्हें रोक दिया।
“यह स्ट्रेस फ्रैक्चर नहीं था, लेकिन पहले हैमस्ट्रिंग की समस्या हुई, फिर टेंडन में दिक्कत आई। यह अकिलीस नहीं था, बल्कि उसके पास का FHL टेंडन था, और फिर काफ मसल भी फट गई। कई छोटी-छोटी समस्याएं एक साथ आ गईं।”
उन्होंने माना कि जल्दी वापसी की कोशिश ने स्थिति को और बिगाड़ा।
“शायद मैंने थोड़ी जल्दी वापसी करने की कोशिश की, ताकि एशेज के चौथे या पांचवें टेस्ट या वर्ल्ड कप में खेल सकूं। लेकिन 30 की उम्र पार करने के बाद चोटों को समय देना बहुत जरूरी हो जाता है, खासकर आईपीएल जैसी हाई-इंटेंसिटी प्रतियोगिता में।”
टीम ने उनकी वापसी को सोच-समझकर प्लान किया—पहले दो मैचों में आराम दिया, फिर राजस्थान के खिलाफ एक मैच खिलाया, उसके बाद जल्दी मैच होने के कारण एक और मैच मिस कराया और फिर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वापसी कराई।
अपने फिटनेस स्तर पर बात करते हुए हेज़लवुड ने कहा, “मैंने तैयारी में कोई कमी नहीं छोड़ी। शायद जरूरत से ज्यादा सेशन भी किए। मुझे राजस्थान के खिलाफ मैच से 4-5 दिन पहले ही लग रहा था कि मैं तैयार हूं।”
उन्होंने टी20 क्रिकेट की तैयारी के बारे में कहा, “टी20 में ट्रेनिंग का वॉल्यूम ज्यादा जरूरी नहीं होता, बल्कि मैच जैसी इंटेंसिटी तक पहुंचना ज्यादा अहम होता है। पिछले चार हफ्तों में मैंने इसी पर सबसे ज्यादा काम किया।”
हालांकि राजस्थान के खिलाफ मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने उन्हें काफी परेशान किया, लेकिन लखनऊ के खिलाफ उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 1 विकेट लिया और प्लेयर ऑफ द मैच भी बने।








