
श्रीलंका के टी20 कप्तान दासुन शनाका को सोमवार को आधिकारिक रूप से इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के स्थान पर राजस्थान रॉयल्स टीम में शामिल किया गया। वह IPL 2026 में 2 करोड़ रुपये की कीमत पर टीम से जुड़े हैं।
IPL की ओर से जारी बयान में कहा गया, “दासुन शनाका 2 करोड़ रुपये में करन के रिप्लेसमेंट के रूप में राजस्थान रॉयल्स से जुड़ेंगे। शनाका ने श्रीलंका के लिए 6 टेस्ट, 71 वनडे और 131 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और उनके नाम 3350 से ज्यादा रन और 86 विकेट दर्ज हैं।”
34 वर्षीय शनाका इससे पहले 2023 में गुजरात टाइटंस के लिए IPL के तीन मैच खेल चुके हैं।
राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच और टीम डायरेक्टर कुमार संगकारा ने कहा, “सीजन की शुरुआत से ठीक पहले सैम जैसे खिलाड़ी का बाहर होना निराशाजनक है। वह बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण थे। लेकिन हमें खुशी है कि हमें दासुन शनाका के रूप में एक बेहतरीन विकल्प मिला है, जो एक अच्छे फिनिशर और क्वालिटी ऑलराउंडर हैं और टीम का संतुलन बनाए रखते हैं।”
फ्रेंचाइज़ी ने भी शनाका की तारीफ करते हुए कहा कि, “दासुन शनाका अपने अनुभव और संयम के साथ टीम के लोअर मिडिल ऑर्डर को मजबूती देंगे। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में श्रीलंका के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं।”
ब्लेसिंग मुजरबानी के बाद शनाका दूसरे ऐसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने PSL छोड़कर IPL का रुख किया है। शनाका को पहले PSL टीम लाहौर कलंदर्स ने साइन किया था, जब वह IPL ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे।
राजस्थान रॉयल्स IPL 2026 में अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी।








