आईपीएल 2026: टी20 वर्ल्ड कप के हीरो संजू सैमसन की नजर एमएस धोनी से सीखने पर!

भारत के टी20 वर्ल्ड कप स्टार संजू सैमसन ने सोमवार को कहा कि वह आगामी आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए महान “कैप्टन कूल” एमएस धोनी से बहुत कुछ सीखने के लिए उत्साहित हैं।

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज, जिन्होंने अपने आईपीएल करियर का अधिकांश समय राजस्थान रॉयल्स के साथ बिताया है, अब 30 मार्च को गुवाहाटी में होने वाले मैच में सीएसके की जर्सी पहनकर खेलते नजर आएंगे।

सैमसन ने कहा, “मैंने माही भाई (धोनी) से फोन पर बात की है और उनसे मुलाकात भी हुई है, लेकिन उनके साथ एक ही टीम में खेलना शानदार अनुभव होगा। मैं इसे उनसे सीखने का एक मौका मानता हूं।”

सैमसन ने बताया कि भले ही तकनीकी रूप से यह मैच राजस्थान रॉयल्स के लिए होम गेम होगा, लेकिन विपक्ष में खेलना अलग अनुभव देगा। हालांकि उन्होंने साफ किया कि वह मैदान पर भावनाओं को अपने ऊपर हावी नहीं होने देंगे।

उन्होंने कहा, “मैं सीएसके के लिए खेलने को लेकर उत्साहित हूं और मुझे फैंस से मिल रहे प्यार के लिए आभारी हूं। यह पहली बार होगा जब मैं राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलूंगा, लेकिन मैं भावनाओं को अपने खेल पर हावी नहीं होने दूंगा। मैंने राजस्थान इसलिए छोड़ा क्योंकि मुझे लगा कि वहां मेरा समय खत्म हो गया था। अब अगर उनके खिलाफ खेलूंगा तो अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा।”

सैमसन ने वर्ल्ड कप जीत को एक “आध्यात्मिक अनुभव” बताया, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि टूर्नामेंट से पहले उनका फॉर्म खास नहीं था।

उन्होंने कहा, “जब मैं वर्ल्ड कप खेलने के लिए घर से निकला था, तब मैं बहुत आत्मविश्वास में नहीं था, लेकिन किस्मत ने कुछ और ही तय कर रखा था। मैंने अच्छा खेला और मुझे शानदार प्रतिक्रिया मिली। यह मेरे लिए एक निजी और आध्यात्मिक पल था। जब मैं मैदान पर उतरता हूं, तो हजारों लोगों के सपने साथ लेकर जाता हूं। वे चाहते हैं कि मैं अच्छा प्रदर्शन करूं ताकि एक छोटे शहर का लड़का भी क्रिकेट के सबसे बड़े मंच पर चमक सके।”

सैमसन ने भारत को तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई, जहां उन्होंने आखिरी तीन मैचों में 89, नाबाद 97 और 89 रन बनाए। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के मैच में बनाए गए 97 रन को सबसे अहम पारी बताया।

उन्होंने कहा, “न्यूजीलैंड सीरीज के बाद मैंने खुद पर काफी काम किया और अपनी मानसिकता को बदला। मुझे एहसास हुआ कि मेरे पास प्रतिभा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ 97 रन की पारी सबसे महत्वपूर्ण थी, क्योंकि उस समय दूसरे छोर पर विकेट गिर रहे थे और मुझे शांत रहना था।”

सैमसन ने यह भी बताया कि खिताब जीतने के बाद कोच गौतम गंभीर का उन्हें गले लगाना और महान सचिन तेंदुलकर का मैसेज मिलना उनके लिए बेहद खास पल था।

उन्होंने कहा, “गौतम भाई और मेरे बीच काफी पुराना रिश्ता है। उन्होंने कुछ नहीं कहा, बस मुझे 30 सेकंड तक गले लगाया—हमारी बात वहीं हो गई।”