मोहम्मद शमी फिर हुए बाहर;इस खिलाडी की दक्षिण अफ्रीका टेस्ट सीरीज़ में वापसी!

चोट से उबरने के बाद विकेटकीपर-बैटर ऋषभ पंत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी कर ली है। बुधवार को उन्हें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली घरेलू दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ के लिए भारत की टेस्ट टीम में शामिल किया गया।

पंत जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट में चोटिल हुए थे और इसी कारण वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में नहीं खेल पाए थे।

बेंगलुरु में हाल ही में खेले गए चार दिवसीय मैच में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरी पारी में 90 रन बनाकर भारत ए को 275 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दिलाई। इस शानदार प्रदर्शन के बाद पंत, एन जगदीशन की जगह शुभमन गिल की अगुवाई वाली 15 सदस्यीय टीम में शामिल किए गए।

इसी तरह, कंधे की चोट से उबरने के बाद बंगाल के तेज़ गेंदबाज़ आकाश दीप की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है। वह रणजी व इरानी ट्रॉफी खेलकर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौटे हैं और इस समय बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय मैच की तैयारी कर रहे भारत ए दल का हिस्सा भी हैं।

भारत की तेज़ गेंदबाज़ी में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज शामिल हैं, जबकि स्पिन आक्रमण एक बार फिर रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और कुलदीप यादव की तिकड़ी संभालेगी।

हालाँकि बंगाल के लिए लगातार तीन रणजी मैच खेलकर 15 विकेट लेने और पूरी फिटनेस साबित करने के बावजूद मोहम्मद शमी को इस दो टेस्ट की सीरीज़ के लिए टीम में नहीं चुना गया है।

पहला टेस्ट 14 नवंबर को कोलकाता में और दूसरा टेस्ट 22 नवंबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा।

भारत की टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान/विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, के एल राहुल, साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नितीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, आकाश दीप

भारत A की वनडे टीम भी घोषित

दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ राजकोट में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए भी चयन समिति ने भारत ए टीम की घोषणा कर दी।

भारत ए की वनडे टीम: तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, रियान पराग, ईशान किशन (विकेटकीपर), प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, विप्रज निगम, मानव सूठार, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, खलील अहमद