
पाकिस्तान की पूर्व कप्तान सना मीर ने मौजूदा महिला टी20 विश्व कप में राष्ट्रीय महिला टीम के प्रदर्शन को लेकर की जा रही सेक्सिस्ट टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है।
भारत, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के खिलाफ लगातार चार हार के बाद पाकिस्तान का विश्व कप अभियान शनिवार को नीदरलैंड्स पर सांत्वना जीत के साथ समाप्त हुआ।
एक पाकिस्तानी मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में सना मीर ने कहा कि जब पुरुष टीम खराब प्रदर्शन करती है, तब क्या कोई यह कहता है कि खिलाड़ियों को रसोई में जाकर रोटियां बनानी चाहिए?
“पुरुष और महिला टीम के प्रदर्शन पर चर्चा करने के तरीके में मुझे दोहरा मापदंड दिखाई देता है। मैं आलोचना के इस लहजे से सहमत नहीं हूं। हां, टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी, लेकिन सिर्फ इसलिए कि यह महिला टीम है, आलोचना में सेक्सिस्ट टिप्पणी जोड़ना सही नहीं है,” सना मीर ने पीटीआई से कहा।
विश्व कप में कमेंट्री कर रहीं सना ने कहा कि टीम के प्रदर्शन से हर कोई निराश है, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा इस बात ने परेशान किया कि लोग महिला टीम के बारे में किस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
“इतने वर्षों बाद भी हम महिला टीम के प्रदर्शन पर चर्चा करते समय उन्हें वह सम्मान नहीं देते, जिसकी वे हकदार हैं।”
सना ने कहा कि प्रशंसकों और आलोचकों को यह भी समझना चाहिए कि पाकिस्तान में पेशेवर क्रिकेट खेलने की चाह रखने वाली लड़कियों को किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
“हमारी खिलाड़ी वैसा प्रदर्शन नहीं कर सकीं, जैसी हमें उम्मीद थी। लेकिन लोगों को यह विश्वास दिलाने में हमें कई साल लगे कि पाकिस्तान की लड़कियां भी बड़े उलटफेर कर सकती हैं और उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।”
उन्होंने कहा कि सबसे पहला कदम महिला क्रिकेट को लेकर लोगों की सोच बदलना है।
“जब तक हम यह मानसिकता नहीं बदलेंगे, तब तक हम आगे नहीं बढ़ पाएंगे।”
सना मीर ने सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा महिला क्रिकेटरों को बदनाम करने के लिए एआई से बनाए गए फर्जी वीडियो और झूठी जानकारी फैलाने की भी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों के परिवारों को भी काफी मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे अधिक दुख इस बात का हुआ कि महिला टीम के प्रदर्शन का आकलन क्रिकेट के आधार पर नहीं, बल्कि उनके महिला होने के आधार पर किया गया।
सना ने सवाल उठाया कि जब पुरुष टीम भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाती, तब क्या उनके खिलाड़ियों के बारे में इस तरह की टिप्पणियां की जाती हैं?
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में महिला क्रिकेट को मजबूत बनाने के लिए घरेलू प्रतियोगिताओं की संख्या बढ़ाने और प्रतिभाओं का दायरा विस्तृत करने की आवश्यकता है।
“यह सच है कि खिलाड़ियों को पता होता है कि टीम में उनकी जगह के लिए ज्यादा प्रतिस्पर्धा नहीं है और इसका असर उनकी मानसिकता पर भी पड़ता है।”







