
मैनचेस्टर में गुरुवार को महिला टी20 विश्व कप में बांग्लादेश पर भारत की जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने माना कि उनकी टीम को फील्डिंग में सुधार करने की जरूरत है। भारत ने इस मैच में चार कैच छोड़े, लेकिन हरमनप्रीत ने अपनी खिलाड़ियों से इस गलती से उबरने की अपील की।
137 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की कोशिश मैच को और जल्दी खत्म करने की थी, लेकिन टीम ने 16.5 ओवर में जीत हासिल की। इसके बावजूद हरमनप्रीत टीम के कुल प्रदर्शन से संतुष्ट नजर आईं।
मैच के बाद हरमनप्रीत ने कहा, “हमने फील्डिंग पर काफी काम किया है, लेकिन हमने कैच छोड़े। ये हमारी सबसे अच्छी फील्डर्स हैं, लेकिन कभी-कभी ऐसा हो जाता है। हमें बस लगातार मेहनत करते रहना है और कैच पकड़ने की प्रैक्टिस करनी है ताकि हम सही पोजिशन में रहें। हमने कुछ गलतियां की हैं, लेकिन उम्मीद है कि अगले मैच में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।”
भारतीय कप्तान ने कहा कि टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में से एक बताते हुए कहा कि उस मैच में जीत से टीम का आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।
उन्होंने कहा, “हम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पूरी तरह तैयार हैं। वह हमारी सबसे मजबूत प्रतिद्वंद्वी टीमों में से एक है। हमें पता है कि ऐसे टूर्नामेंट में हर मैच करो या मरो जैसा होता है, इसलिए हमें अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा। अगर हम वह मैच जीतते हैं तो हमें काफी आत्मविश्वास मिलेगा।”
हरमनप्रीत ने पिछले साल नवी मुंबई में जीते गए वनडे विश्व कप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस जीत ने टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया और मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकलने में मदद की।
34 गेंदों में 53 रन की शानदार पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच बनीं शेफाली वर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से संतुष्टि जताई। उन्होंने कहा कि उनकी रणनीति सिर्फ खराब गेंदों का फायदा उठाने की थी।
शेफाली ने कहा, “मैं अपनी बल्लेबाजी से बहुत खुश हूं। मेरा आत्मविश्वास अच्छा था। मैंने सिर्फ खराब गेंदों पर चौके लगाने की कोशिश की, कुछ अलग नहीं किया। मैंने सही गेंद का इंतजार किया जिस पर बड़ा शॉट खेल सकूं और अगर मौका नहीं मिला तो सिंगल लिया।”
हालांकि, शेफाली ने माना कि बड़ी पारी नहीं खेल पाने का उन्हें अफसोस है। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी टीम को जरूरत होगी, वह गेंदबाजी के लिए भी तैयार हैं।
उन्होंने कहा, “मैं नेट्स में नई और पुरानी दोनों गेंदों से गेंदबाजी करती हूं। टीम को जब भी मेरी जरूरत होगी, मैं तैयार हूं। हरमन दी का धन्यवाद, जिन्होंने मुझे अच्छे फील्ड सेट किए और आत्मविश्वास दिया।”
बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना का मानना था कि उनकी टीम 15 से 20 रन पीछे रह गई।
उन्होंने कहा, “हमने काफी मौके बनाए, लेकिन उनका फायदा नहीं उठा सके और भारत मैच हमसे दूर ले गया। हमने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन हम 15-20 रन कम बना पाए। हमें पावरप्ले में अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन हम उसे आगे नहीं बढ़ा सके।”








