
पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने अपनी टीम से 31 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ होने वाले पहले मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करने की अपील की है। उन्होंने खिलाड़ियों से पिछले सीजन के प्रदर्शन से प्रेरणा लेने को भी कहा।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में PBKS ने IPL 2025 में एक दशक बाद फाइनल में जगह बनाई थी, हालांकि वहां उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार का सामना करना पड़ा। IPL 2026 में भी पंजाब को नॉकआउट में पहुंचने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
पोंटिंग ने कहा, “यह ट्रेनिंग है, यह तैयारी है। यह खुद को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से 31 तारीख के पहले मैच के लिए तैयार करने का समय है।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं चाहता हूं कि आप पीछे मुड़कर सोचें कि आपने पिछले साल इस टीम में क्या योगदान दिया था, जिसने हमें एक अच्छी टीम बनाया।”
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने खिलाड़ियों से यह भी कहा कि गलतियों से डरने की जरूरत नहीं है, बस अपने गेम प्लान पर टिके रहना जरूरी है।
उन्होंने कहा, “हम सभी गलतियां करते हैं, यह बिल्कुल ठीक है। मैं भी इस दौरान गलतियां करूंगा। आप भी करेंगे—कभी कैच छूटेगा, कभी खराब शॉट खेलेंगे, कभी खराब ओवर डालेंगे।”
“लेकिन जब तक आप अपने गेम प्लान पर टिके रहते हैं, तब तक वह गलती नहीं मानी जाएगी। यह खेल का हिस्सा है और ऐसा होना स्वाभाविक है।”








