अफगानिस्तान वनडे सीरीज़ से पहले रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर आया अपडेट!

भारत के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा है कि उन्होंने सुना है कि अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या अच्छी स्थिति में हैं, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं है कि दोनों ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ से पहले अपनी फिटनेस टेस्ट पास कर ली है या नहीं।

आईपीएल के दौरान रोहित शर्मा को हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी, जबकि हार्दिक पांड्या पीठ में ऐंठन (बैक स्पाज़्म) की समस्या से जूझ रहे थे। दोनों खिलाड़ी आईपीएल के कुछ मैचों से बाहर रहे थे, लेकिन उन्हें वनडे टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, इसके लिए उन्हें बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में फिटनेस टेस्ट पास करना जरूरी था।

दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस स्थिति के बारे में पूछे जाने पर कोटक ने पीटीआई से कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मुझे अभी तक यह खबर नहीं मिली है कि उन्हें क्लियर किया गया है या नहीं। लेकिन मुझे पूरा विश्वास है कि वे टीम के साथ होंगे। मैंने जो भी सुना है, उसके अनुसार वे ठीक हैं। हालांकि उन्हें जाकर फिटनेस टेस्ट या जो भी प्रक्रिया है, उसे पूरा करना होगा।”

समझा जाता है कि रोहित शर्मा बेंगलुरु स्थित CoE में फिटनेस टेस्ट के लिए पहुंच चुके हैं।

कोटक ने बताया कि वनडे टीम के खिलाड़ी सोमवार और मंगलवार को टीम से जुड़ेंगे। गुरुवार को धर्मशाला रवाना होने से पहले टीम बुधवार को फ्लडलाइट्स में अभ्यास करेगी।

उन्होंने कहा, “वनडे टीम के खिलाड़ी यहां आकर जुड़ेंगे और परसों शाम को हल्का अभ्यास सत्र हो सकता है। इसलिए एक हल्का प्रैक्टिस सेशन आयोजित किया जाएगा।”

अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ भारतीय टीम के लिए महत्वपूर्ण होगी, खासकर ऐसे समय में जब 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियां धीरे-धीरे गति पकड़ रही हैं। रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या की फिटनेस पर सभी की निगाहें बनी हुई हैं।