
लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालिफाई करने के लिए भारतीय पुरुष टीम को 2026 के अंत तक आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में एशिया की नंबर-1 टीम बने रहना होगा। वहीं, महिला वर्ग में इंग्लैंड में खेले जा रहे मौजूदा टी20 विश्व कप की शीर्ष चार टीमें शुरुआती ओलंपिक कोटा हासिल करेंगी।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार को ओलंपिक क्वालिफिकेशन प्रक्रिया की घोषणा की। लगभग 100 वर्षों बाद क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी हो रही है, जहां पुरुष और महिला दोनों वर्गों में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी।
पुरुष वर्ग में विभिन्न महाद्वीपों की रैंकिंग के आधार पर चार कोटा स्थान दिए जाएंगे।
आईसीसी ने कहा, “ये कोटा स्थान आईसीसी पुरुष टी20 टीम रैंकिंग के आधार पर विभिन्न महाद्वीपों के सर्वोच्च रैंकिंग वाले पात्र राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों (NOCs) को दिए जाएंगे। यानी अलग-अलग महाद्वीपों की शीर्ष रैंकिंग वाली चार टीमें सीधे क्वालिफाई करेंगी।”
इसके लिए 31 दिसंबर 2026 को कट-ऑफ तारीख तय की गई है।
महिला वर्ग में विभिन्न महाद्वीपों की सर्वोच्च रैंकिंग वाली पात्र राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों को मौजूदा टी20 विश्व कप की अंतिम स्थिति के आधार पर चार कोटा स्थान दिए जाएंगे।
आईसीसी ने कहा, “प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद अलग-अलग महाद्वीपों की सर्वोच्च स्थान प्राप्त पात्र राष्ट्रीय ओलंपिक समितियों को कुल चार कोटा स्थान दिए जाएंगे। प्रत्येक पात्र टीम अपने एनओसी के लिए एक कोटा स्थान हासिल करेगी।”
इस मानदंड के अनुसार, सेमीफाइनल में पहुंचने के कारण ऑस्ट्रेलिया (ओशिनिया), दक्षिण अफ्रीका (अफ्रीका) और इंग्लैंड (यूरोप) लगभग शुरुआती ओलंपिक स्थान पक्के कर चुके हैं।
आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया, “चूंकि ओलंपिक में ग्रेट ब्रिटेन भाग लेता है, इसलिए कोटा आवंटन के लिए केवल इंग्लैंड को ही ब्रिटिश प्रतिनिधि माना जाएगा।”
मौजूदा महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज भी शामिल है। भारत का भविष्य टूर्नामेंट की अंतिम अंकतालिका तय होने के बाद स्पष्ट होगा। हालांकि, वेस्टइंडीज एक संयुक्त आईसीसी सदस्य है, जो कई कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करता है और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) द्वारा अलग राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के रूप में मान्यता प्राप्त नहीं है। इसलिए वह एक इकाई के रूप में ओलंपिक में भाग नहीं ले सकता और न ही सीधे कोटा हासिल कर सकता है।
वेस्टइंडीज में एंटीगुआ और बारबुडा, बारबाडोस, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स, डोमिनिका, ग्रेनाडा, गुयाना, जमैका, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट एंड द ग्रेनाडाइंस, त्रिनिदाद और टोबैगो तथा यूएस वर्जिन आइलैंड्स की राष्ट्रीय ओलंपिक समितियां शामिल हैं।
ये सभी देश आईसीसी प्रतियोगिताओं में अलग-अलग हिस्सा नहीं लेते।
मेजबान संयुक्त राज्य अमेरिका को पुरुष और महिला दोनों वर्गों में एक-एक कोटा स्थान स्वतः मिलेगा, क्योंकि उसने क्वालिफिकेशन अवधि के दौरान आईसीसी की उस शर्त को पूरा किया है, जिसके तहत टीम का टी20 रैंकिंग में शीर्ष-15 में होना आवश्यक था।
इसके अलावा, पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए आयोजित होने वाले फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालिफिकेशन टूर्नामेंट (FOGQT) की तारीखों की घोषणा अभी नहीं की गई है।
इस अंतिम क्वालिफायर में उन आठ सर्वोच्च रैंकिंग वाली पात्र टीमों को जगह मिलेगी, जिन्होंने अभी तक ओलंपिक के लिए क्वालिफाई नहीं किया होगा। इनमें से केवल एक टीम पुरुष और एक टीम महिला वर्ग से ओलंपिक का टिकट हासिल करेगी।
अगर वेस्टइंडीज उन शीर्ष आठ टीमों में शामिल होता है, जिन्होंने अभी तक क्वालिफाई नहीं किया है, तो आईसीसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली राष्ट्रीय ओलंपिक समिति चुनने के लिए वेस्टइंडीज नेशंस रीजनल टूर्नामेंट आयोजित करेगा।
अंतिम ओलंपिक क्वालिफायर में किसी भी महाद्वीप की टीमों की संख्या पर कोई अधिकतम सीमा लागू नहीं होगी।







