जोश हेजलवुड ने बताया RCB की लगातार दूसरी IPL ट्रॉफी जीतने का राज!

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने टीम मैनेजमेंट को लगातार दूसरी बार आईपीएल खिताब जीतने का सबसे बड़ा कारण बताया। वहीं, सिर्फ एक विकेट से पर्पल कैप चूकने वाले भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि पूरे सीजन के लिए काफी पहले से प्लानिंग की गई थी।

आरसीबी ने रविवार को अहमदाबाद में खेले गए आईपीएल 2026 फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। विराट कोहली ने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन बनाकर 156 रन के लक्ष्य का पीछा सफलतापूर्वक पूरा कराया।

मैच के बाद हेजलवुड ने कहा, “मुझे लगता है फ्रेंचाइज़ी ने टीम को बहुत शानदार तरीके से तैयार किया है। सपोर्ट स्टाफ भी बेहतरीन रहा। हर तीन साल में टीम बदलती है, ऐसे में इतनी जल्दी मजबूत टीम कल्चर बनाना आसान नहीं होता।”

उन्होंने आगे कहा, “यह खिताब बेहद खास है। पिछले साल पहला खिताब जीतने के लिए हमें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा था। अब यह टीम ज्यादा रिलैक्स है क्योंकि पिछले साल का दबाव खत्म हो चुका है। पूरे टूर्नामेंट में हम शांत और संयमित रहे। हर मैच में कोई न कोई खिलाड़ी आगे आया। हमने 10 प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीते।”

भुवनेश्वर कुमार के शानदार प्रदर्शन पर हेजलवुड ने कहा, “मुझे याद नहीं कि किसी मैच में उन्होंने 35 रन से ज्यादा दिए हों। उन्होंने लगातार विकेट लिए और उनकी वजह से बाकी गेंदबाजों पर दबाव कम रहा। यह शानदार था।”

भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि उनके लिए पर्पल कैप से ज्यादा महत्वपूर्ण ट्रॉफी जीतना था।

उन्होंने कहा, “हां, ट्रॉफी सबसे ज्यादा जरूरी है। मैं पर्पल कैप के बदले ट्रॉफी लेना पसंद करूंगा। हमारा सीजन बहुत अच्छा रहा और इसके पीछे काफी प्लानिंग थी।”

उन्होंने आगे कहा, “जब आप विकेट लेते हैं तो आत्मविश्वास बढ़ता है। बड़े मैच में पिछली जीतें भरोसा देती हैं। फाइनल में हमने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और वही जरूरी था।”

ऑलराउंडर कृणाल पंड्या ने भी लगातार दूसरी बार खिताब जीतने को बेहद खास बताया।

उन्होंने कहा, “हर ट्रॉफी खास होती है। आईपीएल जीतना आसान नहीं है, इसलिए हर बार जीतना अलग एहसास देता है।”

कृणाल ने टीम मैनेजमेंट की भी तारीफ की।

उन्होंने कहा, “मो बॉबट, एंडी फ्लावर, डीके (दिनेश कार्तिक) और मलोलन रंगराजन को बहुत क्रेडिट जाता है। आधी जीत ऑक्शन में ही तय हो जाती है और हमने वहां शानदार काम किया। 18 साल इंतजार करने के बाद लगातार दो ट्रॉफी जीतना बेहद खास है।”

उन्होंने विराट कोहली को लेकर कहा, “विराट ने 18 साल इंतजार किया और अब लगातार दो ट्रॉफी जीतना उनके लिए बेहद खास पल है।”