
अहमदाबाद में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ IPL 2026 फाइनल के बाद गुजरात टाइटंस के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बड़ा झटका लगा, जब टीम बस में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से उसे बीच रास्ते में खाली कराना पड़ा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, होटल लौटते समय बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और अंदर धुआं फैलने लगा। इसके बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को तुरंत बस से बाहर निकाला गया। सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई।
टीम के सदस्य कुछ देर सड़क पर इंतजार करते रहे, जिसके बाद दूसरी बस की व्यवस्था कर उन्हें होटल पहुंचाया गया।
गुजरात टाइटंस के लिए यह रात पहले ही मुश्किल थी क्योंकि टीम IPL फाइनल में RCB से पांच विकेट से हार चुकी थी। इसके अलावा GT का लगातार व्यस्त ट्रैवल शेड्यूल भी जारी रहा।
टीम को 27 मई को धर्मशाला से मुल्लांपुर पहुंचना पड़ा था ताकि 29 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 खेल सके। इसके बाद खराब मौसम के कारण 30 मई को अहमदाबाद रवाना होने में भी काफी देरी हुई। टीम शनिवार देर रात अपने होम बेस पहुंची थी।
क्या थकान बनी हार की वजह?
फाइनल में GT के खराब प्रदर्शन को लेकर सवाल उठने लगे कि क्या लगातार यात्रा और थकान टीम पर भारी पड़ी। हालांकि गुजरात टाइटंस के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट विक्रम सोलंकी ने इस बात को हार का बहाना मानने से इनकार किया।
सोलंकी ने कहा, “मैं सिर्फ यह कहकर RCB की जीत का श्रेय कम नहीं करना चाहता कि हमने कम दिनों में बहुत मैच खेले और हम थके हुए थे। यह हमारी सोच नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “मानना पड़ेगा कि 155/8 का स्कोर औसत से कम था, लेकिन खिलाड़ियों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की। हम जरूर सोचेंगे कि क्या बेहतर किया जा सकता था, लेकिन कभी-कभी आपको यह भी स्वीकार करना पड़ता है कि सामने वाली टीम ने बेहतर क्रिकेट खेली।”








