
आईपीएल से जुड़े सूत्रों के अनुसार, भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह 2027 सीजन से दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभा सकते हैं।
2007 टी20 विश्व कप और 2011 वनडे विश्व कप में भारत की जीत के नायक रहे युवराज हाल के वर्षों में कई भारतीय खिलाड़ियों के मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने विश्व के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और मौजूदा भारतीय कप्तान शुभमन गिल का मार्गदर्शन किया है।
जब ऋषभ पंत खराब फॉर्म से जूझ रहे थे, तब उन्होंने भी युवराज की सलाह ली थी। अब दिल्ली कैपिटल्स के साथ युवराज आईपीएल में पहली बार किसी टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा बन सकते हैं।
युवराज ने अपने आईपीएल करियर में कुल 132 मैच खेले थे और 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने पेशेवर क्रिकेट को अलविदा कहा था।
पीटीआई के अनुसार एक आईपीएल सूत्र ने कहा, “दिल्ली कैपिटल्स के कोचिंग स्टाफ में पूरी तरह बदलाव होने वाला है क्योंकि समझौते के अनुसार 2027-28 सीजन में टीम का संचालन JSW करेगी। जीएमआर द्वारा नियुक्त वेंगोपाल राव, हेमंग बदानी और मुनाफ पटेल की तिकड़ी की जगह नया सपोर्ट स्टाफ आएगा। सौरव गांगुली क्रिकेट निदेशक (डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट) की भूमिका संभालेंगे और युवराज सिंह बल्लेबाजी कोच बनेंगे।”
दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक जीएमआर और जेएसडब्ल्यू दो-दो साल के अंतराल पर पुरुष टीम का संचालन करते हैं। पिछले दो सीजन में टीम की तैयारी, रणनीति और नीलामी में खिलाड़ियों के चयन को लेकर काफी सवाल उठे थे और टीम प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही थी।
बताया जा रहा है कि सौरव गांगुली, जो युवराज सिंह के पहले अंतरराष्ट्रीय कप्तान भी रहे हैं, उन्हें अपने साथ जोड़ने के इच्छुक थे। गांगुली का युवराज के करियर पर हमेशा से बड़ा प्रभाव रहा है।
जहां गांगुली क्रिकेट निदेशक के तौर पर दिल्ली कैपिटल्स पुरुष टीम, दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम और जेएसडब्ल्यू की SA20 फ्रेंचाइजी प्रिटोरिया कैपिटल्स की भी देखरेख करेंगे, वहीं युवराज सिंह की जिम्मेदारी केवल दिल्ली कैपिटल्स की पुरुष टीम के बल्लेबाजों को तैयार करने की होगी।








