
पंजाब किंग्स के फास्ट बॉलिंग कोच जेम्स होप ने कहा कि टीम की इस सीजन की पहली हार एक जरूरी “रियलिटी चेक” है, लेकिन टीम में किसी तरह की घबराहट नहीं है।
मुकाबले से पहले तक अपराजित रही पंजाब किंग्स को मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स ने छह विकेट से हरा दिया।
होप ने मैच के बाद कहा, “यह एक रियलिटी चेक है। हम लगातार जीत रहे थे, माहौल शानदार था और सभी खुश थे। अभी भी टीम का माहौल अच्छा है। यह आईपीएल का आठवां मैच था और हमने पहली बार हार का सामना किया है, इसलिए ड्रेसिंग रूम में कोई निराशा नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि टीम को वापसी के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और फोकस छोटी-छोटी गलतियों को सुधारने पर रहेगा।
“आईपीएल में ऐसा नहीं हो सकता कि आप एक भी मैच न हारें। अब हमारे पास कुछ दिन हैं, हम फिर से तैयारी करेंगे और अपनी कमियों को ठीक करेंगे। हमें परिस्थितियों और विपक्ष के हिसाब से सही संयोजन ढूंढना होगा।”
हार के बावजूद होप्स ने कुछ सकारात्मक बातें भी गिनाईं। उन्होंने स्पिनर हरप्रीत बराड़ की तारीफ की, जिन्होंने 400 से ज्यादा रन वाले मैच में भी किफायती गेंदबाजी की। साथ ही लॉकी फर्ग्यूसन के टीम में आने को भी अच्छा संकेत बताया।
इसके अलावा मार्कस स्टोइनिस की 22 गेंदों में नाबाद 62 रन की शानदार पारी को भी उन्होंने सराहा, जिसने पंजाब को 222/4 तक पहुंचाया।
दूसरी तरफ, राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा इस जीत से काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि टॉप टीम के खिलाफ जीत से टीम को राहत मिली है।
संगकारा ने टीम की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए शुभम दुबे की 12 गेंदों में 31 रन की पारी को खास बताया। साथ ही डोनोवन फरेरा की 26 गेंदों में 52 रन की पारी ने टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा, “आज डोनोवन शानदार थे। रियान की छोटी पारी ने भी हमें मोमेंटम वापस दिलाया। यह पूरी टीम की कोशिश थी।”








