
अपनी तूफानी बल्लेबाजी से वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। मशहूर क्रिकेट विश्लेषक इयान बिशप का मानना है कि इस युवा खिलाड़ी की मजबूत मानसिकता और शानदार तकनीक ने उसे आईपीएल में बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ सफल बनाया है।
आईपीएल 2026 में सूर्यवंशी ने जोश हेजलवुड, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है।
बिशप ने कहा, “उसकी मानसिकता इतनी मजबूत है कि वह दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों का सामना कर सकता है। उसने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ भी शानदार खेल दिखाया। तकनीकी तौर पर उसका बैट स्विंग थोड़ा अलग है, जो बेसबॉल स्टाइल जैसा लगता है।”
बिशप के अनुसार, सूर्यवंशी की बल्लेबाजी में कोई साफ कमजोरी नजर नहीं आती, जिससे अनुभवी गेंदबाज भी उसके खिलाफ नई-नई रणनीतियां अपनाने पर मजबूर हो जाते हैं।
उन्होंने कहा, “उसकी कमजोरी पकड़ना मुश्किल है। कभी-कभी बैक ऑफ लेंथ गेंदों पर उसे परेशानी हुई है, लेकिन अगर वह गेंद सही जगह नहीं पड़ी तो वही शॉट छक्के में बदल जाता है। इसका मतलब है कि वह तकनीकी रूप से काफी मजबूत है।”
बिशप ने यह भी कहा कि जब बड़े गेंदबाज एक खिलाड़ी के खिलाफ प्लान A से लेकर प्लान G तक अपनाने लगें, तो यह उसकी काबिलियत का बड़ा संकेत होता है।
उन्होंने टूर्नामेंट में पिचों के संतुलन पर भी जोर दिया और कहा कि बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को मदद मिलनी चाहिए।
“कुछ पिचें बल्लेबाजी के लिए अच्छी होनी चाहिए, लेकिन कुछ पिचें ऐसी भी हों जहां गेंदबाजों को मदद मिले। इससे टूर्नामेंट और दिलचस्प बनता है,” उन्होंने कहा।
मुंबई इंडियंस के प्रदर्शन पर बात करते हुए बिशप ने कहा कि टीम की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी गेंदबाजी रही है।
“मुंबई इंडियंस रन बना सकती है, लेकिन उनकी गेंदबाजी अपेक्षा के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर रही है। यही उनकी सबसे बड़ी समस्या है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह के फॉर्म पर भी चिंता जताई और कहा कि उन्हें बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
बिशप ने यह भी सुझाव दिया कि कुछ खिलाड़ियों को आराम देना फायदेमंद हो सकता है, ताकि वे मानसिक और शारीरिक रूप से तरोताजा होकर लौटें।
“टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद खिलाड़ियों पर काफी दबाव रहा होगा। अगर उन्हें थोड़ा ब्रेक मिलता, तो वे और बेहतर वापसी कर सकते थे,” उन्होंने कहा।
अब आईपीएल में ‘रिवेंज वीक’ के दौरान मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाला मुकाबला काफी रोमांचक होने की उम्मीद है।








