
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा गुरुवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ होने वाले आईपीएल मैच में नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि उनकी फिटनेस को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। टीम के मेडिकल एक्सपर्ट्स फिलहाल उनकी स्थिति का आकलन कर रहे हैं।
रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हाई-स्कोरिंग मुकाबले के दौरान रोहित को हैमस्ट्रिंग में दर्द महसूस हुआ था। इसके बाद वे बल्लेबाजी के दौरान छठे ओवर में ही मैदान छोड़कर चले गए थे।
उस मैच में मुंबई इंडियंस को 18 रन से हार का सामना करना पड़ा था, जो इस सीजन में उनकी लगातार तीसरी हार थी। रोहित शर्मा उस समय 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर खेल रहे थे और रिटायर्ड हर्ट हो गए थे।
टीम के एक अधिकारी ने कहा, “मेडिकल टीम और कोचिंग स्टाफ उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी।”
वहीं इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स, जो इस सीजन में अब तक मुंबई इंडियंस के चारों मैच मिस कर चुके हैं, उनके भी इस मुकाबले में खेलने की संभावना कम है। हालांकि वे टीम से जुड़ने के लिए रास्ते में हैं।
टीम से जुड़ने से पहले विल जैक्स और न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने थोड़ा अतिरिक्त समय मांगा था। सैंटनर अब तक दो मैच खेल चुके हैं।








