
न्यूज़ीलैंड के ऑलराउंडर मिशेल सैंटनर की जगह मुंबई इंडियंस ने साउथ अफ्रीका के स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर केशव महाराज को आईपीएल के बाकी मैचों के लिए टीम में शामिल किया है।
सैंटनर को कंधे में चोट लगी थी, जो उन्हें मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेले गए पिछले मैच के दौरान लगी थी।
आईपीएल के बयान में कहा गया, “मुंबई इंडियंस ने केशव महाराज को मिशेल सैंटनर के रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया है, जिन्हें बाएं कंधे की चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर होना पड़ा है।”
बयान में आगे कहा गया, “सैंटनर को यह चोट चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में बाउंड्री के पास कैच लेने की कोशिश करते समय लगी थी।”
केशव महाराज एक अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर हैं। उन्होंने हाल ही में न्यूज़ीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में हिस्सा लिया था। इससे पहले वह 2024 में राजस्थान रॉयल्स के लिए दो आईपीएल मैच भी खेल चुके हैं। उन्हें मुंबई इंडियंस ने 75 लाख रुपये में टीम में शामिल किया है।
मैच के दौरान सैंटनर ने जसप्रीत बुमराह की गेंद पर कार्तिक शर्मा का शानदार डाइविंग कैच पकड़ा, लेकिन इसी दौरान उनके सिर और कंधे में चोट लग गई। बाद में कंकशन (सिर की चोट) के कारण शार्दुल ठाकुर ने उनकी जगह ली।
मुंबई इंडियंस के हेड कोच जयवर्धने ने बताया,
“उन्हें पहले सिर पर चोट लगी, फिर गर्दन और कंधे में भी समस्या हुई। उन्हें चक्कर आ रहे थे, इसलिए हम उन्हें स्कैन के लिए ले गए। वह खुद को स्थिर महसूस नहीं कर रहे थे, इसलिए यह जरूरी था।”
मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होगा।








