
बेन स्टोक्स के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की और मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम से पद छोड़ने की मांग की है।
35 वर्षीय ऑलराउंडर स्टोक्स ने रविवार को ट्रेंट ब्रिज में न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में 160 रन की करारी हार और 1-2 से सीरीज गंवाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी। इसके साथ ही उनके कप्तानी कार्यकाल का भी अंत हो गया।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज हारने तथा भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज ड्रॉ रहने के बाद इंग्लैंड ने अपने पिछले 10 टेस्ट मैचों में सिर्फ दो जीत दर्ज की हैं।
2005 में इंग्लैंड को एशेज जिताने वाले माइकल वॉन ने ‘स्टिक टू क्रिकेट’ पॉडकास्ट में कहा कि अब “बहुत हो चुका” और इंग्लैंड की कोचिंग व्यवस्था में बड़े बदलाव की जरूरत है।
उन्होंने कहा, “पिछले हफ्ते चौथे दिन जो मैंने देखा, उसे पूर्व खिलाड़ी होने के नाते स्वीकार नहीं किया जा सकता। उस दौर को देखकर मैंने कहा कि अब बहुत हो चुका है। इंग्लिश क्रिकेट इससे कहीं बेहतर होना चाहिए।”
जनवरी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-4 से एशेज हारने के बाद ही रॉब की और ब्रेंडन मैकुलम पर दबाव बढ़ गया था।
वॉन ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि बाज़ मैकुलम एक शानदार इंसान हैं, लेकिन महान कोच नहीं हैं। इंग्लैंड को दुनिया की नंबर-1 टेस्ट टीम बनने का लक्ष्य रखना चाहिए, जबकि फिलहाल टीम सातवें स्थान पर है।”
उन्होंने इंग्लैंड के हालिया प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए।
“हमने पिछले 10 मैचों में सिर्फ दो जीत हासिल की हैं और वो भी लॉर्ड्स तथा मेलबर्न जैसी मुश्किल पिचों पर। यह बिल्कुल सही नहीं है। मैं बदलाव चाहता हूं। मैंने काफी देख लिया है। मुझे इंग्लिश क्रिकेट की बहुत चिंता है और इसे इस हालत में देखकर अच्छा नहीं लगता। मुझे यकीन है कि हजारों प्रशंसक भी यही सोच रहे होंगे।”
वॉन ने कहा कि जब विरोधी टीमें इंग्लैंड की धरती पर उनका मजाक उड़ाने लगें, तो बदलाव जरूरी हो जाता है।
उन्होंने कहा, “जब आपके ही घर में विरोधी टीम आप पर हंस रही हो, तो समझ लीजिए अब आगे बढ़ने का समय आ गया है।”
रॉब की 2022 में एश्ले जाइल्स की जगह इंग्लैंड क्रिकेट के मैनेजिंग डायरेक्टर बने थे। उसी साल उन्होंने ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया था। बाद में सितंबर 2024 में मैकुलम को तीनों फॉर्मेट की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई।
वॉन का मानना है कि अब रॉब की की भूमिका पर भी सवाल उठने चाहिए, क्योंकि इंग्लैंड का प्रदर्शन केवल टेस्ट ही नहीं बल्कि सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी गिरा है।
उन्होंने कहा, “इसे देखकर मैं बेहद निराश हूं। रॉब की की नौकरी भी अब सवालों के घेरे में होनी चाहिए। मुझे हैरानी नहीं होगी अगर रॉब की भी अपना पद छोड़ दें।”
उन्होंने आगे कहा, “टीम को सही तरीके से कोचिंग नहीं मिल रही। अगर पूर्व कोच एंडी फ्लावर आज टीम के साथ होते, तो क्या यह टीम ऐसे नतीजे देती? बिल्कुल नहीं।”
अब इंग्लैंड अपनी अगली टेस्ट सीरीज अगस्त में पाकिस्तान के खिलाफ हेडिंग्ले में खेलेगा, जहां टीम नए दौर की शुरुआत करने की कोशिश करेगी।







