
इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैक्कुलम ने कप्तान बेन स्टोक्स से कहा है कि वह कर्फ्यू उल्लंघन विवाद को अपनी प्रेरणा बनाएं और न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट जीतकर टीम को सीरीज दिलाएं।
लॉर्ड्स में पहला टेस्ट जीतने के बाद जश्न के दौरान लंदन के एक नाइटक्लब में आधी रात के कर्फ्यू का उल्लंघन करने के कारण स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया था।
स्टोक्स की इस घटना के बाद ऐसी अटकलें लगने लगी थीं कि उनसे इंग्लैंड की कप्तानी छीनी जा सकती है या वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। इस पर मैक्कुलम ने भी अपनी चिंता और निराशा जाहिर की थी।
हालांकि बाद में हुई दो अलग-अलग जांचों में दोनों खिलाड़ियों को अधिकांश आरोपों से राहत मिल गई। इसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने केवल “अनुबंध की कुछ शर्तों के उल्लंघन” के लिए दोनों को औपचारिक चेतावनी देकर मामला समाप्त कर दिया।
दूसरे टेस्ट में अपने कप्तान और प्रमुख तेज गेंदबाज की गैरमौजूदगी में इंग्लैंड को द ओवल में न्यूजीलैंड के हाथों 253 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा।
अब गुरुवार से नॉटिंघम में शुरू होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए स्टोक्स और एटकिंसन की टीम में वापसी हो गई है। मंगलवार को दोनों ने ट्रेंट ब्रिज में टीम के साथ अभ्यास भी किया।
मैक्कुलम को पूरा भरोसा है कि बेहद प्रतिस्पर्धी स्वभाव के स्टोक्स मैदान पर शानदार प्रदर्शन करके आलोचकों को करारा जवाब देंगे और माहौल अपने पक्ष में कर लेंगे।
मैक्कुलम ने कहा, “जिस किसी ने भी बेन को उनकी कप्तानी के दौरान करीब से देखा है या उनके साथ काम किया है, वह उनका बहुत सम्मान करता है। मैं भी उनमें से एक हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “एक गलती से अब तक की सारी उपलब्धियां खत्म नहीं हो जातीं। यह सिर्फ एक छोटी सी चूक थी और अब हमें आगे बढ़ना है। हमारी टीम और बेन दोनों की यही सोच है।”
मैक्कुलम ने कप्तानी पर भी अपनी बात रखते हुए कहा, “जब सब कुछ आसान हो, तब कोई भी कप्तानी कर सकता है। लेकिन असली कप्तान वही होता है जो मुश्किल समय में भी टीम की कप्तानी करे।”
उन्होंने आगे कहा, “आपको कठिन दौर से गुजरने के लिए तैयार रहना चाहिए। अगर आप धैर्य बनाए रखें, टीम को संभालकर रखें और मुश्किल समय से निकल जाएं, तो आगे अच्छे दिन जरूर आते हैं।”








