
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर इंग्लैंड के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट मैच के बाकी हिस्से से बाहर हो गए हैं। टीम ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
32 वर्षीय टिकनर पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान जोफ्रा आर्चर की गेंद उनके हेलमेट पर लगने के बाद चोटिल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर फेंके, लेकिन कोई विकेट नहीं ले सके। बाद में उल्टी महसूस होने के कारण उन्होंने टी ब्रेक के बाद मैदान पर वापस नहीं लौटने का फैसला किया। उनकी जगह जैक फॉल्क्स को टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “ब्लेयर टिकनर पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान हेलमेट पर गेंद लगने के बाद कन्कशन (सिर में चोट) के कारण इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के बाकी मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह जैक फॉल्क्स को टीम में शामिल किया गया है।”
ट्रेंट ब्रिज में खेले जा रहे इस सीरीज के निर्णायक टेस्ट में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 223 रन बना लिए थे और वह अब भी न्यूजीलैंड के पहली पारी के स्कोर से 215 रन पीछे है।








