
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपने पहले सीनियर अंतरराष्ट्रीय दौरे पर एक अलग ही अनुभव से गुजरेंगे। इंग्लैंड में होने वाली भारत की टी20 सीरीज के दौरान सुरक्षा नियमों के तहत 15 वर्षीय वैभव के लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी।
वैभव के आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू करते ही वह 16 साल 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू करने वाले सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़कर भारत के सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बन सकते हैं। अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से वह पहले ही क्रिकेट जगत में खास पहचान बना चुके हैं।
भारत का दौरा शुक्रवार से बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज से शुरू होगा। इसके बाद अगले बुधवार से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इंग्लैंड दौरे के दौरान वैभव के लिए एक खास व्यवस्था की जाएगी।
ब्रिटिश अखबार द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी के सेफगार्डिंग नियमों और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के दिशा-निर्देशों के तहत 16 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को वयस्क खिलाड़ियों के चेंजिंग रूम का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। इसी वजह से इंग्लैंड के सभी मैदानों पर वैभव के लिए अलग चेंजिंग रूम उपलब्ध कराया जाएगा।
रिपोर्ट में कहा गया है कि, “मैच के दौरान वैभव भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में रह सकेंगे और टीम मीटिंग का हिस्सा भी बनेंगे। यह नियम केवल मैच से पहले और बाद में कपड़े बदलने के समय लागू होगा। इंग्लैंड में यह व्यवस्था सामान्य है। पिछले सीजन आर्सेनल के युवा फुटबॉलर मैक्स डाउमन ने भी 16 साल की उम्र पूरी होने तक अपने साथियों से अलग चेंजिंग रूम का इस्तेमाल किया था। हालांकि भारत में ऐसा नियम नहीं होने के कारण वैभव के लिए यह नया अनुभव होगा।”
बताया जा रहा है कि इस दौरे पर वैभव के माता-पिता भी उनके साथ रहेंगे। राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल खेलने के दौरान वह अपने सीनियर साथियों के साथ ही ड्रेसिंग रूम साझा करते थे, इसलिए यह व्यवस्था उनके लिए बिल्कुल नई होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईसीबी और बीसीसीआई मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि पूरे दौरे के दौरान सभी सुरक्षा और सेफगार्डिंग नियमों का पालन किया जाए।
ईसीबी ने द गार्जियन से कहा, “यह एक आईसीसी टूर्नामेंट है, इसलिए यहां आईसीसी के सेफगार्डिंग नियम लागू होंगे।”
ईसीबी ने आगे कहा, “क्रिकेट रेगुलेटर भारतीय टीम के टीम लायजन अधिकारी के संपर्क में है ताकि यूके दौरे के दौरान खिलाड़ी के लिए जरूरी नियमों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की जा सके।”
उन्होंने यह भी बताया, “संबंधित सभी क्रिकेट मैदानों के काउंटी सेफगार्डिंग अधिकारी भी भारतीय टीम के लायजन अधिकारी के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि हर मैदान पर सुरक्षा प्रोटोकॉल और व्यवस्थाओं का पूरी तरह पालन हो सके। इसके लिए विस्तृत सेफगार्डिंग रिस्क असेसमेंट भी किया जा रहा है।”








