फीफा विश्व कप: शानदार एलोय रूम ने इक्वाडोर को रोका, कुरासाओ ने हासिल किया यादगार अंक!

गोलकीपर एलोय रूम के शानदार प्रदर्शन की बदौलत कुरासाओ ने शनिवार को फीफा विश्व कप के ग्रुप ई मुकाबले में इक्वाडोर को गोलरहित ड्रॉ पर रोकते हुए टूर्नामेंट में अपना पहला ऐतिहासिक अंक हासिल किया।

विश्व कप के अपने पहले मुकाबले में जर्मनी से 7-1 की करारी हार झेलने के सिर्फ छह दिन बाद कुरासाओ ने जबरदस्त वापसी करते हुए इक्वाडोर को 0-0 से रोक दिया और नॉकआउट चरण में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा।

करीब 1.56 लाख की आबादी वाला कुरासाओ विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने वाला अब तक का सबसे छोटा देश है। इसके बावजूद टीम ने कहीं अधिक अनुभवी इक्वाडोर के खिलाफ शानदार जुझारूपन दिखाया।

मैच के सबसे बड़े नायक रहे 37 वर्षीय अनुभवी गोलकीपर एलोय रूम। उन्होंने पूरे मुकाबले में 15 शानदार बचाव (सेव) किए, जो विश्व कप के किसी 90 मिनट के मैच में किसी गोलकीपर द्वारा किया गया सबसे अधिक बचाव है।

विश्व कप का कुल रिकॉर्ड पूर्व अमेरिकी गोलकीपर टिम हॉवर्ड के नाम है, जिन्होंने 2014 विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम के खिलाफ 16 सेव किए थे, हालांकि वह मुकाबला अतिरिक्त समय तक गया था।

इस ड्रॉ के साथ जर्मनी ने ग्रुप ई में शीर्ष स्थान भी सुनिश्चित कर लिया। वहीं इक्वाडोर के लिए यह परिणाम बेहद निराशाजनक रहा। टूर्नामेंट में 19 मैचों की अजेय श्रृंखला के साथ पहुंची दक्षिण अमेरिकी टीम दो मैचों में सिर्फ एक अंक ही हासिल कर सकी।

इक्वाडोर ने मैच की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की। तीसरे मिनट में कप्तान एनर वालेंसिया गोलकीपर के सामने अकेले पहुंच गए थे, लेकिन रूम ने शानदार डाइव लगाकर एक हाथ से गेंद को बाहर धकेल दिया।

यही बचाव पूरे मैच की कहानी बन गया। इसके बाद भी रूम बार-बार इक्वाडोर के हमलावरों के सामने दीवार बनकर खड़े रहे और खिलाड़ियों के साथ-साथ स्टेडियम में मौजूद हजारों इक्वाडोर समर्थकों को भी निराश करते रहे।

मैच के बाद रूम ने कहा, “मैं अभी भी इस पल को पूरी तरह महसूस करने की कोशिश कर रहा हूं। भावनाएं बहुत ज्यादा हैं। मुझे पता था कि यह कठिन मैच होगा। शुरुआती बचाव ने मुझे आत्मविश्वास दिया और मुझे लगता है कि इससे पूरी टीम का हौसला बढ़ा।”

उन्होंने आगे कहा, “हम अंतिम सीटी तक लड़ते रहे। इस तरह कुरासाओ के लिए एक अंक हासिल करना वास्तव में बहुत खास है।”

मैच के दौरान इक्वाडोर के समर्थक संख्या में कुरासाओ के प्रशंसकों से कहीं अधिक थे। वे लगातार “सी से पुएदे” (हाँ, हम कर सकते हैं) के नारे लगाकर अपनी टीम का उत्साह बढ़ाते रहे।

लेकिन अंतिम सीटी बजते ही जश्न कुरासाओ के खिलाड़ियों ने मनाया। सभी खिलाड़ी दौड़कर रूम को गले लगाने पहुंचे, जबकि इक्वाडोर के समर्थक स्तब्ध रह गए क्योंकि उनकी टीम एक सुनहरा मौका गंवा चुकी थी।

दोनों टीमें टूर्नामेंट में अपना पहला अंक हासिल करने के उद्देश्य से मैदान में उतरी थीं। इक्वाडोर को अपने पहले मैच में आइवरी कोस्ट के खिलाफ अंतिम समय में गोल खाकर 1-0 से हार का सामना करना पड़ा था।

जब फीफा ने विश्व कप को 32 टीमों से बढ़ाकर 48 टीमों का किया था, तब कई आलोचकों का मानना था कि टूर्नामेंट में एकतरफा मुकाबले बढ़ जाएंगे।

जर्मनी के खिलाफ कुरासाओ की 7-1 की हार ने उन आशंकाओं को सही साबित किया था, लेकिन इक्वाडोर के खिलाफ उनके प्रदर्शन ने दिखा दिया कि पारंपरिक फुटबॉल ताकतों और उभरती हुई टीमों के बीच का अंतर शायद उतना बड़ा नहीं है जितना कई लोग समझते हैं।