इरफान पठान ने अफगानिस्तान वनडे सीरीज को 2027 विश्व कप की तैयारी की पहली सीढ़ी बताया!

भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान का मानना है कि शनिवार से शुरू हो रही अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज टीम प्रबंधन के लिए 2027 विश्व कप से पहले सही टीम संयोजन तलाशने का बेहतरीन मौका होगी।

पठान ने कहा कि चूंकि अगला वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा, इसलिए भारत को उन खिलाड़ियों का चयन करना चाहिए जो वहां की परिस्थितियों के लिए सबसे उपयुक्त हों। उन्होंने माना कि तेज गेंदबाज गुरनूर बरार का चयन भी दक्षिण अफ्रीकी पिचों पर मिलने वाली अतिरिक्त गति और उछाल को ध्यान में रखकर किया गया है।

उन्होंने जियो हॉटस्टार पर कहा, “गुरनूर बरार का चयन इसलिए किया गया है क्योंकि भारतीय टीम प्रबंधन ऐसे गेंदबाज की तलाश में है जो 2027 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका की पिचों पर मिलने वाली गति और उछाल का फायदा उठा सके। 6 फीट 5 इंच लंबे गुरनूर को स्वाभाविक रूप से अतिरिक्त बाउंस मिलता है।”

इरफान ने ईशान किशन को भी विश्व कप के लिए एक अहम विकल्प बताया। उनके अनुसार ईशान शॉर्ट-पिच गेंदबाजी को अच्छी तरह खेलते हैं और बल्लेबाज व विकेटकीपर दोनों भूमिकाओं में टीम को कई विकल्प देते हैं।

उन्होंने कहा, “ईशान किशन इस भूमिका के लिए बिल्कुल फिट बैठते हैं। वह शॉर्ट बॉल को बेहतरीन तरीके से खेलते हैं, विकेट के स्क्वायर क्षेत्र में तेजी से रन बनाते हैं और बैकअप ओपनर, विराट के पीछे नंबर तीन के बैकअप बल्लेबाज तथा बैकअप विकेटकीपर की भूमिका निभा सकते हैं।”

पठान ने यह भी कहा कि दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों में तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सुझाव दिया कि नितीश कुमार रेड्डी और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ियों को विश्व कप से पहले वनडे क्रिकेट में ज्यादा मौके मिलने चाहिए।

रोहित शर्मा और विराट कोहली पर बात करते हुए पठान ने कहा कि दोनों की अलग-अलग खूबियां भारत के लिए विश्व कप में निर्णायक साबित हो सकती हैं।

रोहित शर्मा के बारे में उन्होंने कहा, “रोहित शर्मा की सबसे बड़ी ताकत शॉर्ट-पिच गेंदबाजी को संभालने की उनकी क्षमता है। उनकी टाइमिंग शानदार है और वह गेंद की लाइन में जल्दी आ जाते हैं। दक्षिण अफ्रीका में, जहां गेंदबाजों को स्विंग और अतिरिक्त उछाल दोनों मिलते हैं, रोहित किसी भी छोटी गेंद को सजा देने के लिए आदर्श बल्लेबाज हैं।”

वहीं विराट कोहली की तारीफ करते हुए पठान ने कहा, “अगर विराट कोहली की बात करें तो वह मध्यक्रम में अपार अनुभव लेकर आते हैं। वनडे क्रिकेट में उनसे बेहतर कोई नहीं है। नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए उनके रिकॉर्ड खुद सब कुछ बताते हैं। अगर भारत का शुरुआती विकेट जल्दी गिर जाए, तो पारी को संभालने का काम विराट से बेहतर कोई नहीं कर सकता। उन्हें लंबी पारियां खेलना पसंद है और लक्ष्य का पीछा करने की बात हो तो वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हैं।”