पहला वनडे: अफगानिस्तान के खिलाफ केएल राहुल को मिल सकती है बल्लेबाजी क्रम में प्रोमोशन!

धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच पहले वनडे मैच से एक दिन पहले, ईशान किशन का केएल राहुल की जगह विकेटकीपिंग अभ्यास करना चर्चा का विषय बन गया।

पिछले कई वर्षों से सीमित ओवरों के क्रिकेट में राहुल भारत के प्रमुख विकेटकीपर-बल्लेबाज रहे हैं, लेकिन शनिवार को होने वाले मुकाबले से पहले हुए अभ्यास सत्र को देखकर ऐसा लग रहा है कि वनडे टीम में ईशान किशन की वापसी के बाद राहुल को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी से राहत दी जा सकती है।

अभ्यास के दौरान राहुल खूबसूरत धर्मशाला स्टेडियम के आउटफील्ड में ऊंचे कैच लेने का अभ्यास करते नजर आए, जबकि ईशान लगातार विकेटकीपिंग ड्रिल कर रहे थे। विराट कोहली के चोट के कारण सीरीज से बाहर होने के चलते भारत के पास नंबर तीन पर नए खिलाड़ियों को आजमाने का मौका भी है।

हालांकि राहुल पिछले चार वर्षों से मध्यक्रम, खासकर नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने में सहज रहे हैं, लेकिन अब उनकी बल्लेबाजी भूमिका में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

भारत के गेंदबाजी कोच मॉर्ने मोर्कल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अफगानिस्तान सीरीज में यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन और केएल राहुल तीनों को नंबर तीन पर आजमाया जा सकता है।

उन्होंने कहा, “नंबर तीन के स्लॉट को लेकर हम इस सीरीज में अलग-अलग विकल्प आजमाने वाले हैं। चाहे वह ईशान हों, केएल हों या यशस्वी। यह एक अच्छा मौका है। हमारे पास कुछ वनडे मैच हैं और हम खिलाड़ियों को अलग-अलग स्थानों पर मौका देंगे। इससे हमें टीम संयोजन और भविष्य के विकल्पों को लेकर बेहतर समझ मिलेगी।”

शनिवार के मुकाबले में प्रिंस यादव या गुरनूर बरार में से किसी एक को भारत के लिए डेब्यू का मौका मिल सकता है।

धर्मशाला रवाना होने से पहले भारतीय टीम ने चंडीगढ़ में अभ्यास किया था। भारत के नियमित नेट गेंदबाज रहे गुरनूर और युवा तेज गेंदबाज प्रिंस दोनों ने मॉर्ने मोर्कल को प्रभावित किया है।

मोर्कल ने कहा, “मेरी पहली छाप यह रही कि ऐसा लगा जैसे वे पिछले पांच साल से टीम का हिस्सा हों। उनके चेहरे पर कोई घबराहट नहीं दिखी। हालांकि मैं समझ सकता हूं कि पहली बार टीम में आने पर खिलाड़ी नर्वस होते हैं, लेकिन जिस ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने अभ्यास किया, वह काफी अच्छा था।”

उन्होंने आगे कहा, “उनकी स्किल्स देखकर लगता है कि उन्होंने अपने खेल पर काफी मेहनत की है। उनकी लाइन और लेंथ सटीक है, जिससे मेरा काम आसान हो जाता है। आगे हम उनके खेल को और विकसित करेंगे और उनसे मिडिल ओवर तथा डेथ ओवर की योजनाओं को लेकर चर्चा करेंगे।”

मोर्कल ने दोनों युवा खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा, “पहली नजर में जो हमने देखा, उससे हम बेहद खुश हैं।”

मोर्कल को उम्मीद है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर अफगानिस्तान सीरीज में इन युवा खिलाड़ियों को मौका देंगे।

उन्होंने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि गौतम इन खिलाड़ियों को मौका देंगे और देखेंगे कि वे भारतीय टीम की जर्सी में कैसा प्रदर्शन करते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए खेलना अलग अनुभव होता है। हम उन्हें टीम में पाकर उत्साहित हैं।”

हैमस्ट्रिंग चोट से उबर चुके रोहित शर्मा ने भी अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया।

मोर्कल ने रोहित की फिटनेस पर अपडेट देते हुए कहा, “रोहित ने सभी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं। उन्हें खेलने की पूरी मंजूरी मिल गई है। अगर कोई हल्की-फुल्की परेशानी भी थी, तो मैं भरोसा दिलाता हूं कि अब रोहित पूरी तरह ठीक हैं। वह अच्छी तरह मूव कर रहे हैं और शानदार अभ्यास कर रहे हैं। हम उन्हें मैदान पर देखने के लिए उत्साहित हैं।”

उन्होंने यह भी माना कि विराट कोहली की कमी महसूस होगी, लेकिन रोहित जैसे अनुभवी खिलाड़ी का टीम में होना भारत के लिए बड़ी ताकत है।