भारत बनाम अफगानिस्तान: मानव सुथार और हर्ष दुबे की जंग के बीच अश्विन की नजर इस खिलाड़ी पर!

भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से मुल्लांपुर में शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच में युवा बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे के संभावित डेब्यू को लेकर काफी उत्साहित हैं।

कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में तीसरे स्पिनर की जगह के लिए अनकैप्ड मानव सुथार और हर्ष दुबे के बीच मुकाबला माना जा रहा है।

अश्विन ने जियोस्टार से बातचीत में कहा, “मेरी नजर हर्ष दुबे पर रहेगी। मैं जानना चाहता हूं कि क्या उन्हें मौका मिलेगा। हमें इंतजार करना होगा कि टीम मानव सुथार को चुनती है या हर्ष दुबे को। लेकिन मैं खास तौर पर दुबे में दिलचस्पी रखता हूं क्योंकि उनका घरेलू सीजन शानदार रहा है। उनका आईपीएल सीजन भी बहुत अच्छा था। ये प्रदर्शन उनके पक्ष में जाते हैं। मैं उन्हें डेब्यू करते देखने के लिए उत्सुक हूं।”

अश्विन का मानना है कि दिल्ली कैपिटल्स के लिए साधारण आईपीएल सीजन के बाद कुलदीप यादव भी खुद को साबित करने के लिए बेताब होंगे।

उन्होंने कहा, “रवींद्र जडेजा की गैरमौजूदगी में कुलदीप यादव अफगानिस्तान के खिलाफ भारत के स्पिन आक्रमण की अगुवाई करेंगे। वह बेहतरीन लय और आत्मविश्वास के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं। दोनों दिशाओं में गेंद घुमाने की उनकी क्षमता और घरेलू परिस्थितियों का अनुभव उन्हें बेहद खतरनाक बनाता है।”

अश्विन ने आगे कहा कि वॉशिंगटन सुंदर सहयोगी भूमिका निभाएंगे।

“वॉशिंगटन सुंदर अधिकतर रन रोकने वाले गेंदबाज हैं और निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। उनकी सटीकता और लंबे स्पेल डालने की क्षमता घिसती हुई पिच पर काफी काम आएगी। इस टेस्ट में भारत की सफलता के लिए दोनों खिलाड़ी अहम साबित होंगे।”

पूर्व भारतीय स्पिनर ने कप्तान शुभमन गिल की भी जमकर तारीफ की और कहा कि वह इंग्लैंड में अपने शानदार प्रदर्शन को घरेलू मैदान पर भी दोहराना चाहेंगे।

अश्विन ने कहा, “शुभमन गिल का इंग्लैंड दौरा शानदार रहा। कप्तान बनने के तुरंत बाद उन्होंने बल्ले और कप्तानी दोनों से प्रभाव छोड़ा। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में रन बनाए और कप्तानी के दबाव को मैच्योरिटी के साथ संभाला। इससे उनकी क्लास और लंबी पारी खेलने की क्षमता का पता चलता है।”

उन्होंने आगे कहा, “उन्होंने अपनी तकनीक पर काफी मेहनत की है, खासकर बल्ले को पैड के करीब रखने पर। इससे बल्ले और पैड के बीच का अंतर कम हुआ है और स्विंग होती गेंदों के खिलाफ वह ज्यादा मजबूत बने हैं। कप्तान के रूप में उन्होंने अभी तक घरेलू मैदान पर बड़ी पारी नहीं खेली है, लेकिन बल्लेबाजी तकनीक में इस बदलाव के बाद मुझे उम्मीद है कि वह घर में भी खुलकर रन बनाएंगे।”

अश्विन का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में शुभमन गिल की सफलता भारतीय टेस्ट टीम के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

“वह ऐसे खिलाड़ी हैं जो आने वाले कई वर्षों तक भारतीय बल्लेबाजी क्रम की अगुवाई कर सकते हैं।”