रजत पाटीदार ने बताया RCB के लगातार दो IPL खिताब जीतने का फॉर्मूला!

रजत पाटीदार का 33वां जन्मदिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की दूसरी IPL ट्रॉफी जीत के साथ और भी खास बन गया। हालांकि कप्तान पाटीदार अपनी टीम के पूरे टूर्नामेंट में दिखाए गए दबदबे से सबसे ज्यादा खुश नजर आए।

पहले मैच से ही RCB ने अपना इरादा साफ कर दिया था, जब टीम ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को बुरी तरह हराया था। इसके बाद टीम का विजयी अभियान लगातार जारी रहा और रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर RCB ने लगातार दूसरी IPL ट्रॉफी जीत ली।

पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाटीदार ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो पिछले साल काफी दबाव था। लेकिन इस साल हम ज्यादा शांत थे क्योंकि पूरे टूर्नामेंट में हमने जिस तरह खेला, उसने हमें आत्मविश्वास दिया। मुझे लगता है कि हमने सिर्फ अच्छा क्रिकेट नहीं खेला, बल्कि पूरे सीजन में दबदबा बनाया। इसलिए हमें पूरा भरोसा था कि अगर हम इसी तरह खेलते रहे तो RCB दूसरी ट्रॉफी जरूर जीतेगी।”

विरोधियों को दिया बड़ा संदेश

पाटीदार ने साफ कर दिया कि RCB अभी रुकने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए सबसे बेहतरीन गिफ्ट है क्योंकि आज (रविवार) मेरा जन्मदिन भी है। कुल मिलाकर बहुत अच्छा लग रहा है। लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मैं हमेशा वर्तमान में रहना पसंद करता हूं। अब हमें इस बात पर ध्यान देना होगा कि लगातार तीसरी ट्रॉफी कैसे जीतें।”

कप्तानी का अलग अंदाज

RCB की इस सफलता में टीम के सामूहिक प्रदर्शन के साथ-साथ पाटीदार की कप्तानी और बल्लेबाजी का भी बड़ा योगदान रहा।

उन्होंने बताया कि विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस जैसे पूर्व कप्तानों की तुलना में उनका कप्तानी करने का तरीका काफी अलग है।

“मेरी कप्तानी का तरीका अलग है। मैं ज्यादा एक्सप्रेसिव नहीं हूं, लेकिन मैच की स्थिति को अच्छी तरह समझता हूं। और सबसे जरूरी चीज थी मैनेजमेंट और खिलाड़ियों का सपोर्ट, जो मुझे लगातार मिला,” उन्होंने कहा।

बल्लेबाजी में सुधार का खुलासा

इस सीजन पाटीदार की बल्लेबाजी में भी जबरदस्त सुधार देखने को मिला। उन्होंने IPL 2026 में 192.69 के स्ट्राइक रेट से 501 रन बनाए।

उन्होंने बताया, “मैं यह समझने की कोशिश करता हूं कि बल्लेबाजी में खुद को कितना समय देना जरूरी है। IPL से पहले मैंने अच्छे नेट सेशन किए। DK भाई (दिनेश कार्तिक) के साथ काफी बातचीत हुई कि मैं अपनी बल्लेबाजी को और कैसे बेहतर कर सकता हूं — जैसे ट्रिगर मूवमेंट्स और तकनीकी बदलाव। यहां आने के बाद भी मैंने उसी पर काम जारी रखा और बल्लेबाज के तौर पर मुझे काफी स्पष्टता मिली।”

विराट कोहली की जमकर तारीफ

पाटीदार विराट कोहली की तारीफ करते नहीं थके और कहा कि उनसे हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है।

उन्होंने कहा, “मेरे पास विराट कोहली के लिए शब्द नहीं हैं। वह महान खिलाड़ी हैं और हमेशा बड़े काम करते हैं। हर कोई जानता है कि वह कैसे बल्लेबाजी करते हैं। हमें मैदान पर और मैदान के बाहर उनसे सीखने का मौका मिलता है।”

37 वर्षीय विराट कोहली ने इस सीजन भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतकों की मदद से 675 रन बनाए। फाइनल में भी उन्होंने नाबाद 75 रन बनाकर RCB को 156 रन के लक्ष्य तक पहुंचाया। वह इस सीजन RCB के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

पाटीदार ने आगे कहा, “हम अक्सर नाश्ते के दौरान साथ समय बिताते हैं। हम उनसे क्रिकेट और मैदान के बाहर की चीजों के बारे में सीखने की कोशिश करते हैं। वह खिलाड़ियों के पास जाकर उनसे क्रिकेट पर बात करते हैं, जो शानदार है। मैं हमेशा उन्हें देखता रहता हूं कि वह मैदान पर, नेट्स में और मैदान के बाहर क्या करते हैं। सबसे बड़ी चीज जो मैंने उनसे सीखी, वह यह है कि नेट्स में उनकी ऊर्जा बिल्कुल मैच जैसी होती है।”