
वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 15 साल के हैं, लेकिन उनकी सोच और मैच को समझने की क्षमता उनकी उम्र से कहीं ज्यादा मैच्योर नजर आती है। IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करते हुए उन्होंने कई बार परिस्थिति के अनुसार जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी की है।
हाल ही में वैभव ने अपने शांत स्वभाव और आत्मविश्वास की झलक तब दिखाई, जब उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगकारा को तनाव न लेने के लिए कहा था।
यह घटना 19 मई को जयपुर में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स के बेहद अहम मुकाबले के दौरान हुई थी।
राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए यह मैच जीतना जरूरी था। टीम लगातार तीन हार के बाद इस मुकाबले में उतरी थी।
राजस्थान के स्टैंड-इन कप्तान यशस्वी जायसवाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, जिसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने 5 विकेट पर 220 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि जब वह रन चेज के लिए पैड पहन रहे थे, तब उन्होंने कुमार संगकारा की तरफ देखा, जो काफी तनाव में नजर आ रहे थे।
वैभव ने कहा, “असल में हम पिछले तीन मैचों में अच्छा नहीं कर पाए थे। मैंने उन्हें देखा, वह काफी दबाव में थे। जब सामने वाली टीम ने 220 रन बनाए, तब मैं पैड पहन रहा था। उनके चेहरे पर काफी टेंशन दिख रही थी।”
उन्होंने आगे कहा, “लेकिन मुझे पूरा भरोसा था कि मैं आज अपने खेल पर भरोसा करूंगा और अच्छा प्रदर्शन करूंगा। इसलिए मैंने उनसे कहा कि यह हो जाएगा। विकेट के हिसाब से यह इतना बड़ा स्कोर नहीं है।”
वैभव ने अपने शब्दों को सच साबित करते हुए सिर्फ 38 गेंदों में शानदार 93 रन की विस्फोटक पारी खेली।
उन्होंने अपनी मैच जिताऊ पारी में सात चौके और 10 छक्के लगाए। उनकी तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए सात विकेट और पांच गेंद शेष रहते मैच जीत लिया।
सात जीत और 14 अंकों के साथ राजस्थान रॉयल्स फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। टीम का अगला मुकाबला रविवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा।








