
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि रविवार को धर्मशाला में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उनकी टीम मैच पावरप्ले में ही हार गई। 223 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती झटकों ने टीम की उम्मीदों को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
RCB ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 रन से जीत दर्ज की और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि पंजाब किंग्स को लगातार छठी हार झेलनी पड़ी।
मैच के बाद श्रेयस ने PTI से कहा, “जाहिर है उन्होंने शानदार शुरुआत की और पावरप्ले के बाद गेंदबाजों पर हमला करना शुरू कर दिया। मुझे लगता है कि 222 रन तक पहुंचना शानदार बल्लेबाजी थी। हम गेंदबाजी में ज्यादा विकेट नहीं ले सके, लेकिन हां, मेरा मानना है कि मैच पावरप्ले में ही निकल गया।”
PBKS कप्तान ने लक्ष्य का पीछा करते समय जल्दी विकेट गिरने पर निराशा जताई, खासकर इसलिए क्योंकि पूरे सीजन में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य टीम को तेज शुरुआत देते रहे थे।
उन्होंने कहा, “हम तीन विकेट जल्दी गंवा बैठे और हमारे ज्यादातर रन प्रभसिमरन और प्रियांश से ही आते रहे हैं। इस बार हमें वैसी शुरुआत नहीं मिली। फिर मेरा जल्दी आउट होना भी बड़ा झटका था। काफी निराश हूं, लेकिन शशांक, स्टोइनिस और बीच के कुछ बल्लेबाजों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।”
RCB के 222/4 के जवाब में पंजाब किंग्स 8 विकेट पर 199 रन ही बना सकी। शशांक सिंह ने 27 गेंदों में 56 रन और मार्कस स्टोइनिस ने 25 गेंदों में 37 रन बनाए।
हार के बावजूद श्रेयस ने अगले मैच से पहले सकारात्मक सोच बनाए रखी। पंजाब का अगला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।
उन्होंने कहा, “मैं हमेशा सकारात्मक रहता हूं, चाहे नतीजा कुछ भी हो। यह मैच खत्म हो गया। कल फिर सूरज निकलेगा और सुरंग के अंत में हमेशा रोशनी होती है।”
वहीं RCB के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर, जिन्हें 40 गेंदों में नाबाद 73 रन की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, ने कहा कि यह पारी उनके लिए खास थी क्योंकि इस सीजन उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले थे।
उन्होंने कहा, “तकनीकी रूप से यह प्लेइंग इलेवन में मेरा दूसरा मैच था और आज पहली बार मुझे सही तरीके से बल्लेबाजी करने का मौका मिला। मेरे लिए यही मैन ऑफ द मैच से भी ज्यादा खुशी की बात है।”
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने विराट कोहली के साथ बल्लेबाजी को अहम बताया और कहा कि इससे उन्हें शुरुआत में संभलने में मदद मिली। उन्होंने RCB मैनेजमेंट की भी तारीफ की।
वेंकटेश ने कहा, “सबसे बड़ी बात उनका माइंडसेट और संवाद करने का तरीका है। सभी महान खिलाड़ियों में एक चीज खास होती है और वो है उनकी कम्युनिकेशन।”
हालांकि अंत में पंजाब ने थोड़ी चुनौती दी, लेकिन स्टैंड-इन कप्तान जितेश शर्मा ने कहा कि टीम पूरे मैच में नियंत्रण में थी।
उन्होंने कहा, “सच कहूं तो हम दबाव में नहीं थे। हम पूरी तरह नियंत्रण में थे। बल्लेबाजों ने हमें विकेट को लेकर बहुत अच्छा फीडबैक दिया था और हमें पता था कि यहां क्या करना है।”
जितेश ने यह भी बताया कि टीम के नियमित कप्तान रजत पाटीदार अगले मैच में वापसी कर सकते हैं।
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अच्छी तैयारी और लय को दिया। साथ ही उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की अहमियत पर भी जोर दिया।
भुवनेश्वर ने कहा, “उनका अनुभव और स्किल हमारे लिए बहुत बड़ा फर्क पैदा करते हैं। मेरे और उनके स्किल्स एक-दूसरे को अच्छी तरह सपोर्ट कर रहे हैं और अभी तक सब बढ़िया चल रहा है।”
भुवनेश्वर ने प्लेऑफ में पहुंचने को भावुक पल बताया।
उन्होंने कहा, “आप हमारी भावनाएं देख सकते हैं क्योंकि हम पिछले दो महीनों से लगातार मेहनत कर रहे थे। जब आप क्वालीफाई करते हैं तो वह स्वाभाविक रूप से बेहद भावुक पल होता है।”








