
दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच इयान बेल ने शनिवार को स्वीकार किया कि टीम के बल्लेबाजी क्रम में लगातार अस्थिरता ने आईपीएल 2026 अभियान को प्रभावित किया है। उन्होंने बल्लेबाजों से आगे आकर जिम्मेदारी लेने और शानदार फॉर्म में चल रहे केएल राहुल का साथ देने की अपील की।
हालांकि राहुल ने इस सीजन 12 मैचों में 477 रन बनाए हैं, लेकिन बाकी बल्लेबाज लगातार योगदान देने में संघर्ष करते नजर आए हैं।
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दिल्ली में होने वाले मुकाबले से पहले मीडिया से बात करते हुए बेल ने कहा, “अगर आप इस समय टॉप चार टीमों को देखें, तो उनकी बल्लेबाजी लाइन-अप में काफी स्थिरता है। लंबे समय से हमारे बल्लेबाजी क्रम में स्थिरता की कमी रही है और यह ऐसी चीज है जिस पर हम लगातार काम कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “केएल राहुल का सीजन शानदार रहा है। उन्होंने अपना स्ट्राइक रेट भी बढ़ाया है, जो लोग उनसे चाहते थे। लेकिन हमें दूसरे खिलाड़ियों को भी आगे आकर ज्यादा निरंतर प्रदर्शन करना होगा। अभी तक किसी खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन के दम पर खुद को टीम से बाहर करना मुश्किल नहीं बनाया है, और यह बहुत जरूरी है।”
दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल 12 मैचों में 10 अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। प्लेऑफ की उम्मीदें बनाए रखने के लिए टीम को अपने बाकी दोनों मुकाबले जीतने होंगे।
बेल ने टीम के अस्थिर प्रदर्शन की ओर इशारा करते हुए बल्लेबाजी की दो बिल्कुल अलग पारियों का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा, “हमें यह स्वीकार करना होगा कि यह सीजन काफी अजीब रहा है। हमने यहां पंजाब किंग्स के खिलाफ 265 रन बनाए और फिर अगला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ सिर्फ 70 रन पर ऑलआउट हो गए। इतनी अस्थिरता के साथ आप टूर्नामेंट नहीं जीत सकते।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी प्लान ए हमेशा आक्रामक क्रिकेट खेलने की रहती है। लेकिन हमने दिल्ली में देखा है कि यहां की पिच अलग तरह से व्यवहार कर सकती है और आपको अलग स्किल्स का इस्तेमाल करना पड़ता है। अब टी20 क्रिकेट में सिर्फ सुरक्षित खेलकर और नींव बनाकर मैच नहीं जीते जाते। लेकिन बेहतरीन टीमें परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढाल लेती हैं। हमें इसी क्षेत्र में बेहतर होना होगा।”
दिल्ली कैपिटल्स के फीके प्रदर्शन का एक बड़ा कारण कप्तान अक्षर पटेल की बल्ले और गेंद दोनों से साधारण फॉर्म भी रहा है। हालांकि बेल को भरोसा है कि ऑलराउंडर मजबूत वापसी कर सकता है।
उन्होंने कहा, “हमारे लिए सबसे जरूरी रहा है कि हम उनका समर्थन करें और उनके साथ खड़े रहें। यह आसान नहीं होता। वह सिर्फ इस फ्रेंचाइज़ी के लिए ही नहीं बल्कि भारत के लिए भी टी20 क्रिकेट में बेहद अहम खिलाड़ी हैं। जाहिर है कि वह खुद सबसे ज्यादा निराश होंगे। उम्मीद है कि वह सीजन का अंत शानदार तरीके से करेंगे। हमें पता है कि वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में क्या कर सकते हैं और हमें लगातार उनका समर्थन करते रहना होगा।”








