
भारत के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को भविष्य में भारतीय टीम के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलना चाहिए।
राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपनिंग करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने मौजूदा आईपीएल सीजन में अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने बड़े-बड़े गेंदबाजों के खिलाफ भी शानदार अंदाज में रन बनाए हैं।
जियोस्टार पर बात करते हुए अश्विन ने कहा, “वह हर गेंदबाज पर हमला कर रहा है। मुझे उसे टेस्ट मैच में खेलते देखने में भी कोई दिक्कत नहीं होगी और मैं उसे खेल के तीनों फॉर्मेट में देखना चाहूंगा। उसे क्रिकेट मैदानों पर खेलते रहने दीजिए, लोग उसे देखने आएंगे क्योंकि वह मनोरंजन करने वाला खिलाड़ी है। वह कोई कसर नहीं छोड़ रहा और गेंद पर अपनी पूरी ताकत लगा रहा है।
अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में भी जिस तरह उसने खेला था, उसे देखकर लगता है कि वह बॉक्स ऑफिस खिलाड़ी बनने वाला है। क्रिकेट करियर में बहुत कम समय ऐसा होता है जब आप खुलकर अपने खेल का आनंद ले सकते हैं, और वह अभी सिर्फ 15 साल का है। मुझे लगता है कि हमें उसे बस वैसे ही खेलने देना चाहिए।”
अश्विन ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स को वैभव पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए और उसे अपने स्वाभाविक अंदाज में खेलने देना चाहिए।
इस टूर्नामेंट में वैभव ने जोश हेजलवुड, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ भी बेहतरीन शॉट लगाए हैं। शनिवार रात मोहम्मद सिराज ने उन्हें शॉर्ट बॉल पर आउट किया, लेकिन उससे पहले वैभव ने उन्हें छक्का भी जड़ा।
अश्विन ने आगे कहा, “इस समय उसके करियर के इस चरण में उससे ऐसी चीजें करवाने का कोई मतलब नहीं है जो उसे नहीं करनी चाहिए। उसके पास ध्रुव जुरेल, रियान पराग और डोनोवन फरेरा जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, जिनसे वह सीख सकता है। टीम का पूरा भार उसके कंधों पर नहीं होना चाहिए।
अगर वह टीम को तेज शुरुआत दे देता है, तो उनकी बल्लेबाजी लाइनअप इतनी मजबूत है कि उन्हें ऐसे मुकाबले आराम से जीतने चाहिए।”








