आईपीएल 2026: लॉकी फर्ग्यूसन ने बताया रन-फेस्ट में गेंदबाज़ कैसे टिक सकते हैं!

आईपीएल जैसे हाई-स्कोरिंग टूर्नामेंट में गेंदबाज़ों को मार पड़ना तय है, लेकिन पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज़ लॉकी फर्ग्यूसन का मानना है कि सफलता के लिए आक्रामक रहना और रन रोकने के तरीके ढूंढना जरूरी है।

आईपीएल 2026 में बल्लेबाज़ों का दबदबा इतना ज्यादा रहा है कि 230 या 250 से ऊपर के लक्ष्य भी सुरक्षित नहीं लग रहे हैं।

फर्ग्यूसन ने कहा, “आईपीएल एक अलग तरह की प्रतियोगिता है, जहां क्रिकेट का स्टाइल काफी हाई-स्कोरिंग है। यहां गेंदबाज़ों को चौके-छक्के पड़ेंगे, यह खेल का हिस्सा है। अहम बात यह है कि अगली गेंद पर आप कैसे वापसी करते हैं और अपनी योजना को दोबारा लागू करते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “जब तक गेंदबाज़ आक्रामक रहते हैं और विकेट लेने के साथ-साथ रन रोकने की कोशिश करते हैं, तब तक उनका मानसिक संतुलन सही रहता है।”

तेज गेंदबाज़ी और विविधताओं के बारे में बात करते हुए फर्ग्यूसन ने कहा, “अतिरिक्त गति (पेस) के अपने फायदे होते हैं, लेकिन कभी-कभी तेज गेंद ही जल्दी बाउंड्री तक पहुंच जाती है। फिर भी यह एक एक्स-फैक्टर है क्योंकि बल्लेबाज़ के पास प्रतिक्रिया देने का समय कम हो जाता है। आज के क्रिकेट में हर गेंदबाज़ के पास विविधताएं होती हैं—गति बदलना, अलग-अलग डिलीवरी डालना। इसलिए हालात के अनुसार खुद को ढालना जरूरी है।”

फर्ग्यूसन हाल ही में अपनी पत्नी एम्मा के साथ अपने पहले बच्चे ब्यू के जन्म के कारण टीम से देर से जुड़े। उन्होंने इसके लिए पंजाब किंग्स का धन्यवाद किया।

उन्होंने कहा, “मैंने अपने परिवार और नवजात बच्चे के साथ समय बिताने का फैसला किया। इसके लिए मैं पंजाब किंग्स का आभारी हूं। क्रिकेट के नजरिए से यह आसान फैसला नहीं था, लेकिन परिवार भी उतना ही महत्वपूर्ण है।”

हालांकि, उन्होंने माना कि सीजन के बीच में टीम से जुड़ना आसान नहीं होता।

उन्होंने कहा, “घर पर ट्रेनिंग से सीधे आईपीएल में आना मुश्किल होता है। यह पहले से ही एक कठिन टूर्नामेंट है, लेकिन यही चुनौती है।”

मुल्लांपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 223 रन का लक्ष्य हासिल कर लेने के बाद पंजाब किंग्स को सीजन की पहली हार मिली थी, लेकिन फर्ग्यूसन ने इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया।

उन्होंने कहा, “मुख्य बात है एक्जीक्यूशन। हम अपनी योजनाओं को लागू करने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ दिन अच्छे नहीं होते, लेकिन हमारे गेंदबाज़ी आक्रमण में काफी क्षमता है, जिसका नेतृत्व अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल कर रहे हैं। पिछले मैच में स्पिनर्स शानदार थे।”

उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल में छोटे अंतर बड़े दिखते हैं, इसलिए टीम अपनी रणनीति को और मजबूत करने पर ध्यान दे रही है।

वहीं, दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज़ काइल जैमीसन की आक्रामक सेलिब्रेशन पर सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा को लेकर फर्ग्यूसन ने उनका समर्थन किया।

उन्होंने कहा, “काइल मेरा अच्छा दोस्त है। विकेट लेने के बाद उसका जोश दिखना स्वाभाविक है। यहां विकेट लेना आसान नहीं होता और वह बड़ा विकेट था। फैंस भी खिलाड़ियों का जुनून देखना पसंद करते हैं। वह लंबा खिलाड़ी है, इसलिए उसकी भावनाएं और ज्यादा दिखती हैं।”