
एम एस धोनी को बुधवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले अभ्यास सत्र के दौरान विकेटकीपिंग करते हुए देखा गया। इसके बाद से उनके संभावित वापसी की अटकलें तेज हो गई हैं।
चोट के कारण धोनी अभी तक आईपीएल 2026 में कोई मैच नहीं खेल पाए हैं।
पूर्व क्रिकेटर आदित्य तरे ने कहा कि खासकर उनकी हालिया पिंडली (calf) की चोट को देखते हुए नेट्स में धोनी को विकेटकीपिंग करते देखना उनके लिए हैरान करने वाला था।
उन्होंने कहा, “मैं प्रैक्टिस सेशन देख रहा था और सबसे ज्यादा हैरानी मुझे माही भाई को विकेटकीपिंग करते देखकर हुई। मैंने उन्हें पहले कभी नेट्स में विकेटकीपिंग करते नहीं देखा।”
तारे के मुताबिक, धोनी आमतौर पर अभ्यास के दौरान सिर्फ बल्लेबाजी या हल्के ड्रिल्स तक सीमित रहते हैं, इसलिए यह बदलाव उनके फिटनेस में सुधार का संकेत हो सकता है।
उन्होंने कहा, “उन्होंने हेलमेट, पैड्स और विकेटकीपिंग ग्लव्स पहने हुए थे। शायद वह अपनी मैच फिटनेस को टेस्ट कर रहे हैं।”
तारे ने आगे बताया कि इस सीजन में यह पहली बार है जब उन्होंने धोनी को विकेटकीपिंग करते देखा, जो सीएसके के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा, “यह इस साल पहली बार है जब मैंने उन्हें विकेटकीपिंग करते देखा। यह एक अच्छा संकेत है। सीएसके उन्हें जल्द ही मैदान पर देख सकती है।”
चेन्नई सुपर किंग्स 23 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।
आईपीएल 2026 में लगातार प्रदर्शन में संघर्ष कर रही सीएसके के लिए धोनी की संभावित वापसी बेहद अहम हो सकती है। खासकर ऐसे बड़े मुकाबलों में उनका अनुभव और नेतृत्व टीम के लिए बड़ा सहारा साबित होता है।








