
हाल के वर्षों में टी20 फॉर्मेट के आने के बाद क्रिकेट की लोकप्रियता दुनियाभर में बढ़ी है। अब एक बड़े सर्बियाई खिलाड़ी ने भी क्रिकेट में दिलचस्पी दिखानी शुरू कर दी है, और इसके पीछे वजह हैं विराट कोहली।
नोवाक जोकोविच ने लॉरेंस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड के दौरान बातचीत में खुलासा किया कि कोहली उनके दोस्त हैं और उन्हीं की वजह से उन्होंने क्रिकेट देखना शुरू किया। हालांकि दोनों दिग्गज खिलाड़ी अभी तक आमने-सामने नहीं मिले हैं, लेकिन वे वर्चुअली जुड़े हुए हैं।
जोकोविच ने भविष्य में भारत आने पर कोहली से मिलने की इच्छा भी जताई।
उन्होंने कहा, “हाँ, विराट मेरे दोस्त हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूँ। सच कहूं तो वही वजह हैं कि मैंने क्रिकेट देखना शुरू किया। पहले मैं इसे फॉलो नहीं करता था, लेकिन उनके जरिए मैंने इसे समझना शुरू किया। हम संपर्क में रहते हैं और उम्मीद है कि जब मैं भारत आऊंगा— मैं अगर नहीं कहना चाहता, बल्कि जब आऊंगा—तो वो मुझसे मिलेंगे। हम थोड़ा टेनिस और थोड़ा क्रिकेट खेल सकते हैं और साथ में अच्छा समय बिताकर सकारात्मक माहौल बना सकते हैं।”
जोकोविच ने भारतीय फैंस के प्यार की भी सराहना की और जल्द भारत आने की इच्छा जताई।
उन्होंने कहा, “मेरा संदेश हमेशा प्यार, सम्मान और आभार का होता है। मुझे भारतीय टेनिस और स्पोर्ट्स फैंस से हमेशा बहुत समर्थन मिला है। मैं कई लोगों से मिला हूँ और मैं जल्द भारत आना चाहता हूँ। पिछले कुछ सालों से मुझे यहां आने की इच्छा हो रही है। उम्मीद है कि मैं यहां आकर कोई इवेंट होस्ट कर सकूं या मैच खेल सकूं। मैं भारतीय लोगों से खुद को काफी जुड़ा हुआ महसूस करता हूँ।”
24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन जोकोविच ने नई पीढ़ी के खिलाड़ियों कार्लोस अल्काराज और जैनिक सिनर के साथ अपनी प्रतिद्वंद्विता पर भी बात की, लेकिन कहा कि उनके लिए ‘बिग थ्री’ हमेशा सबसे ऊपर रहेंगे।
उन्होंने कहा, “सिनर और अल्काराज़ के बीच की प्रतिद्वंद्विता भी शानदार है, लेकिन मेरे लिए ‘बिग थ्री’ हमेशा सबसे महान रहेंगे।”








