आईपीएल 2026: गुजरात की जीत में चमके शुभमन गिल, बोले—चेज़ पहले खत्म होना चाहिए था!

आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत दर्ज करने के बावजूद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए। उन्होंने माना कि टीम को लक्ष्य थोड़ा पहले हासिल कर लेना चाहिए था और वह खुद अंत तक क्रीज पर न रह पाने से निराश हैं।

गिल ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए गुजरात को अहमदाबाद में पांच विकेट से जीत दिलाई। मैच के बाद उन्होंने कहा, “आदर्श रूप से हम चाहते थे कि मैच एक-दो ओवर पहले खत्म हो जाए। मैं जिस तरह आउट हुआ, उससे काफी निराश हूं। मैं अंत तक टिककर मैच खत्म करना चाहता था। उम्मीद है अगली बार ऐसा कर पाऊंगा।”

इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने इस सीजन में लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। इससे पहले टीम दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स को भी हरा चुकी है। अब GT पांच मैचों में छह अंक लेकर पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

वहीं, केकेआर अब भी अपनी पहली जीत की तलाश में है और सिर्फ एक अंक के साथ तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है।

गिल इस मैच के स्टार रहे। उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 50 गेंदों पर 86 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी की बदौलत गुजरात ने 181 रन का लक्ष्य 19.4 ओवर में हासिल कर लिया।

गिल ने यह भी बताया कि आईपीएल 2026 से पहले मिले ब्रेक के दौरान उन्होंने अपनी फिटनेस और मानसिक मजबूती पर खास काम किया।
उन्होंने कहा, “मुझे कुछ महीनों का समय मिला था। उस दौरान मैंने फिटनेस पर काम किया और साथ ही खेल के मानसिक पहलू पर भी ध्यान दिया। मैंने सिर्फ तकनीक ही नहीं, बल्कि रणनीति पर भी खुद को बेहतर बनाने की कोशिश की।”

शानदार प्रदर्शन के लिए गिल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया और उन्होंने आरसीबी के स्टार विराट कोहली से ऑरेंज कैप भी अपने नाम कर ली। अब गिल के चार मैचों में 251 रन हो चुके हैं, औसत 62.75 का है, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं।