
कोलकाता नाइट राइडर्स इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाई है और शुक्रवार को उन्हें पांचवीं हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट से हार के बावजूद टीम के कप्तान अंजिक्य रहाणे ने खासकर कैमरून ग्रीन की शानदार पारी को बड़ी सकारात्मक बात बताया।
केकेआर फिलहाल अंक तालिका में सबसे नीचे है, जहां उन्हें सिर्फ एक अंक मिला है, वह भी पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश से रद्द हुए मैच के कारण।
रहाणे ने कहा, “हार के तुरंत बाद आकर बात करना आसान नहीं होता, लेकिन मैं पॉजिटिव चीजों पर ध्यान देना चाहूंगा। जिस तरह हमने शुरुआत में तीन विकेट जल्दी खो दिए, उसके बाद वापसी करना मुश्किल था।”
अगर कैमरून ग्रीन की 55 गेंदों में 79 रन की पारी नहीं होती, तो केकेआर के लिए 180 तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता।
उन्होंने आगे कहा, “कैमरून ग्रीन की पारी शानदार थी। वह दबाव में थे, लेकिन जिस तरह उन्होंने पलटवार किया और गेंदबाजों का सामना किया, वह देखने लायक था। 147/4 के स्कोर से 180 तक पहुंचना हमारे लिए आसान नहीं था।”
रहाणे ने लगातार हार के बावजूद गेंदबाजों की तारीफ भी की, जिन्होंने आखिरी ओवर तक मुकाबला बनाए रखा।
“मैं अपने गेंदबाजों को क्रेडिट देना चाहूंगा। जब चीजें आपके पक्ष में नहीं होतीं, तब भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और लगातार प्रयास करते रहे।”
जब उनसे पूछा गया कि ग्रीन ने गेंदबाजी क्यों नहीं की, तो रहाणे ने बताया, “उन्हें ऐंठन (cramps) हो रही थी, इसलिए वह बार-बार मैदान से बाहर जा रहे थे।”








