आईपीएल 2026: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल की वापसी से राहत!

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल बुधवार को दिल्ली में होने वाले आईपीएल 2026 के मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेंगे। वह मांसपेशियों में खिंचाव से उबर चुके हैं, जिसके कारण वह पिछला मैच नहीं खेल पाए थे।

गिल के ओपनिंग पार्टनर साई सुदर्शन ने पुष्टि की है कि कप्तान पूरी तरह फिट हैं और मैदान पर उतरेंगे।

गुजरात टाइटंस को उम्मीद है कि गिल की वापसी से टीम को लगातार दो हार के बाद जरूरी बढ़ावा मिलेगा। वहीं दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स सीजन की शानदार शुरुआत करते हुए लगातार दो जीत दर्ज कर चुकी है, जिससे मुकाबला कड़ा होने वाला है।

सुदर्शन ने मैच से पहले कहा, “वह पूरी तरह फिट हैं और खेलेंगे।”

गुजरात टाइटंस को टॉप-हैवी बल्लेबाजी टीम माना जाता है। पिछले मैच में साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दी थी, लेकिन मिडिल ऑर्डर उस लय को आगे नहीं बढ़ा सका। सुदर्शन ने भरोसा जताया कि ग्लेन फिलिप और वॉशिंगटन सुंदर जैसे खिलाड़ियों से सजी मिडिल ऑर्डर भविष्य में मैच जिताने की क्षमता रखती है।

उन्होंने कहा, “अगर टॉप तीन बल्लेबाजों में से कोई लंबा खेलता है तो टीम के लिए बहुत अच्छा होता है। हमें अपने मिडिल ऑर्डर पर पूरा भरोसा है। यही टीम पिछले साल भी खेली थी और हमने क्वालीफाई किया था। अभी सिर्फ दो मैच हुए हैं और हमें यकीन है कि हमारा मिडिल ऑर्डर मैच जिताएगा।”

सुदर्शन ने यह भी कहा कि मौजूदा टी20 क्रिकेट में हर बल्लेबाज को हर छह महीने में खुद को बेहतर बनाना जरूरी है। पिछले दो सीजन में वह आईपीएल के सबसे सफल रन स्कोररों में से एक रहे हैं।

उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे खेल बदल रहा है, टी20 बल्लेबाजी भी हर सीजन और हर कुछ महीनों में बेहतर हो रही है। मेरे लिए जरूरी है कि मैं इससे सीखूं और अपने खेल को और बहुमुखी बनाऊं।”

आईपीएल 2026 की तैयारी पर उन्होंने कहा, “कुछ खास नहीं, लेकिन सबसे बड़ी बात यह थी कि अगर हमें बड़ा लक्ष्य चेज करना पड़े तो हम कैसे खेलेंगे। मैंने अपने माइंडसेट और फैसलों पर काम किया। मानसिक रूप से फिट रहने के लिए मैं योग, मेडिटेशन और विज़ुअलाइज़ेशन करता हूं।”