आईपीएल 2026: देवदत्त पडिक्कल ने आरसीबी में अपनी बल्लेबाजी में फिर से कैसे वापसी की!

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने सफेद गेंद क्रिकेट में अपने बढ़ते आत्मविश्वास का श्रेय अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलने और अपनी बल्लेबाजी की “बुनियाद बदलने” को दिया है।

पडिक्कल की तेज़ फिफ्टी, जो उन्होंने रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लगाई, और पहले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 61 रन की पारी, आरसीबी की मजबूत बल्लेबाजी की बड़ी वजह बनी, जिससे टीम को 43 रन से जीत मिली।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पडिक्कल ने कहा,
“यह सब कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास का नतीजा है। यह बदलाव आसान नहीं था, क्योंकि मुझे अपने खेल की बुनियाद ही बदलनी पड़ी, जिस तरह का क्रिकेट मैं पहले खेलता था।”

उन्होंने आगे कहा, “यह बदलाव मुझे सोच-समझकर करना पड़ा और आरसीबी व सपोर्ट स्टाफ ने मुझे सही दिशा में मार्गदर्शन देने में काफी मदद की।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या सभी बल्लेबाजों के बड़े शॉट खेलने की कोशिश से टी20 क्रिकेट एकतरफा हो सकता है, तो उन्होंने इससे इनकार किया।

उन्होंने कहा, “ऐसा नहीं है। बस इस टूर्नामेंट में बल्लेबाजी का स्तर और ऊपर चला गया है। हर खिलाड़ी बड़े छक्के-चौके लगाने के लिए मेहनत कर रहा है और अब गेंदबाजों की जिम्मेदारी है कि वे भी अपने खेल को बेहतर करें। मुझे लगता है कि वे भी जल्द वापसी करेंगे।”

पडिक्कल को भरोसा है कि टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ गेंदबाज वापसी करेंगे।

“मुझे पूरा विश्वास है कि गेंदबाज भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। जैसे-जैसे टूर्नामेंट आगे बढ़ेगा, पिच थोड़ी धीमी होगी और हालात बदलेंगे।”

उन्होंने अपने साथी खिलाड़ी टिम डेविड की भी जमकर तारीफ की, जिन्होंने 25 गेंदों में 70 रन की तूफानी पारी खेलकर सीएसके के गेंदबाजों को ध्वस्त कर दिया।

पडिक्कल ने कहा, “हम उन्हें रोज़ प्रैक्टिस में ऐसा करते देखते हैं। वह हर गेंद को छक्का मारने की कोशिश करते हैं। उनके रोल में वही करना होता है और वह इसे बेहतरीन तरीके से निभा रहे हैं। उनकी तकनीक और शॉट सिलेक्शन पर उनका आत्मविश्वास कमाल का है।”

टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए पडिक्कल ने कहा कि आरसीबी ने पिछले सीजन की तरह आक्रामक खेल को जारी रखा है, लेकिन सावधानी के साथ।

उन्होंने बताया, “पिछले सीजन की शुरुआत में हमने कुछ मैचों में जल्दी विकेट गंवाए थे, जिससे टीम दबाव में आ गई थी। फिर हमने तय किया कि 10 ओवर तक 3-4 विकेट नहीं खोने हैं, ताकि बाद में आसानी से रन बनाए जा सकें।”

उन्होंने आगे कहा, “जब हम विकेट बचाने में सफल हुए, तब हम हर गेंद पर अटैक कर पाए। पिछले सीजन से लेकर अब तक हमारी पूरी टीम की बल्लेबाजी शानदार रही है।”