
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस अपनी पीठ की चोट के अंतिम स्कैन के लिए ऑस्ट्रेलिया लौट गए हैं, जहां क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम उनकी जांच करेगी और आईपीएल 2026 के दूसरे चरण में उनकी वापसी पर फैसला लेगी।
रिपोर्ट के अनुसार, कमिंस जुलाई 2025 से चोट के कारण मैदान से बाहर हैं और बीच में उन्होंने सिर्फ एक एशेज टेस्ट मैच खेला था। आईपीएल 2026 के दौरान वह टीम कैंप छोड़कर अपने देश लौट गए हैं ताकि उनकी चोट का अंतिम आकलन किया जा सके।
बताया गया है कि कमिंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ कोलकाता में खेले गए मैच के बाद भारत छोड़ा। अगर उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से फिटनेस क्लियरेंस मिल जाती है, तो वे 17 अप्रैल तक टीम के साथ फिर जुड़ सकते हैं।
‘रिटर्न टू प्ले’ प्रक्रिया के तहत कमिंस पहले ही सनराइजर्स हैदराबाद के नेट्स में गेंदबाजी कर रहे थे। कमिंस और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया दोनों को उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के दूसरे हिस्से में पूरी तरह उपलब्ध रहेंगे। उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
भारत आने से पहले एक पॉडकास्ट में कमिंस ने कहा था, “मैं अभी पीठ की चोट से उबर रहा हूं, लेकिन अब स्थिति बेहतर है। मैं नेट्स में गेंदबाजी कर रहा हूं। आईपीएल शुरू होने वाला है, शुरुआत में शायद मैं नहीं खेल पाऊंगा, लेकिन ज्यादा समय नहीं लगेगा और मैं मैदान पर वापसी कर लूंगा। फिलहाल मैं हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहा हूं और हमने टूर्नामेंट के बीच तक फिट होने की योजना बनाई है।”
इस दौरान डेविड पेन और ईशान मलिंगा सनराइजर्स हैदराबाद के विदेशी तेज गेंदबाज के रूप में टीम के साथ जुड़े हुए हैं।








