
पाकिस्तान के बल्लेबाज़ फखर ज़मान पर बैन लगने से पहले ही अंपायरों की कड़ी नजर थी। बाद में उसी मैच में बॉल टैंपरिंग का दोषी पाए जाने पर उन्हें दो मैचों के लिए निलंबित कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच के दौरान 13वें ओवर से ही कराची किंग्स के मैनेजमेंट ने चौथे अंपायर और फिर मैच रेफरी को बताया था कि उन्हें शक है कि फखर गेंद के साथ कुछ छेड़छाड़ कर रहे हैं।
एक सूत्र ने बताया, “मैच रेफरी ने ऑन-फील्ड अंपायरों को निर्देश दिया था कि वे फखर ज़मान और लाहौर कलंदर्स टीम पर नजर रखें।”
बताया गया कि अंतिम ओवर से पहले ही अंपायर फैसल अफरीदी फखर पर कड़ी नजर रखे हुए थे। उन्होंने गेंद मंगवाई और जांच के बाद उन्हें शक हुआ कि गेंद के साथ किसी बाहरी वस्तु से छेड़छाड़ की गई है। इसी कारण गेंद बदली गई और विरोधी टीम को पांच रन की पेनल्टी दी गई।
बैन के बाद फखर ज़मान ने पीएसएल की तकनीकी समिति में अपील भी की, लेकिन उनकी अपील खारिज कर दी गई। समिति ने कहा कि अंपायरों और मैच रेफरी के पास कार्रवाई करने के लिए पर्याप्त परिस्थितिजन्य सबूत थे।
इस निलंबन के कारण फखर को शुक्रवार रात लाहौर में मुल्तान सुल्तान्स के खिलाफ मैच नहीं खेलने दिया गया और वह 9 अप्रैल को होने वाला अगला मैच भी मिस करेंगे।








