शुभमन गिल कितने समय तक बाहर रहेंगे? राजस्थान रॉयल्स से हार के बाद गुजरात टाइटंस ने दी बड़ी अपडेट!

गुजरात टाइटंस को शनिवार को आईपीएल 2026 के मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ छह रन से हार का सामना करना पड़ा, जिसमें शुभमन गिल की गैरमौजूदगी भारी पड़ी। गिल की अनुपस्थिति में राशिद खान ने टीम की कप्तानी की, लेकिन जीटी 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने में नाकाम रही।

राशिद खान ने गिल की चोट को लेकर कहा, “गिल को मसल स्पाज्म है। उम्मीद है कि वह जल्द ही वापसी करेंगे।”

टीम मैनेजमेंट को भी उम्मीद है कि उनका स्टार बल्लेबाज और कप्तान आने वाले मैचों में वापसी कर सकता है।

गुजरात टाइटंस का अगला मुकाबला 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ है। इस बीच टीम के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने गिल की चोट पर अपडेट देते हुए कहा कि यह ज्यादा गंभीर नहीं लग रही है।

पार्थिव पटेल ने कहा, “जाहिर है, उन्हें पहले (नवंबर 2025 में भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका टेस्ट के दौरान) गर्दन में मोच आई थी और कुछ दिन पहले स्पाज्म हुआ है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह अगले मैच तक फिट हो जाएंगे। यह चोट ज्यादा गंभीर नहीं लगती। इंजरी मैनेजमेंट मेरा क्षेत्र नहीं है, लेकिन मैं कह सकता हूं कि वह ठीक हो जाएंगे।”

गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजी कोच और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू हेडन ने गिल की लीडरशिप की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गिल की सोच साफ है और वह खेल को अच्छी तरह समझते हैं।

हेडन ने कहा, “शुभमन खेल को बहुत साफ तरीके से समझते हैं, खासकर उच्च स्तर और टेस्ट क्रिकेट में। उनमें आत्मविश्वास है और वह नई पीढ़ी का आत्मविश्वास लेकर आते हैं। ऐसा लगता है कि वह अपने खेल पर पूरा नियंत्रण रखते हैं और खुद अपनी राह बना रहे हैं। लेकिन सबसे अच्छी बात यह है कि वह हमेशा टीम के बारे में सोचते हैं।”

शनिवार को गुजरात टाइटंस को इस सीजन की लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी। 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम अच्छी स्थिति में थी, लेकिन मिडिल ओवर्स में लगातार विकेट गिरने से मैच हाथ से निकल गया।

राशिद खान और कगिसो रबाडा ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके और गुजरात 204/8 पर ही रुक गई।