आईपीएल 2026: शुभमन गिल ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर जताई चिंता, कहा—इससे खेल की स्किल कम होती है!

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल आईपीएल के इम्पैक्ट प्लेयर नियम की आलोचना करने वाले ताजा भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने कहा कि यह नियम “खेल की स्किल को कम कर देता है।”

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या और रोहित शर्मा भी इस नियम पर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं।

बुधवार को मुंबई में हुई आईपीएल कप्तानों की बैठक में गिल समेत ज्यादातर कप्तानों ने बीसीसीआई से इस नियम की समीक्षा करने की मांग की, जिसे 2023 में लागू किया गया था और 2027 तक बढ़ा दिया गया है।

इम्पैक्ट प्लेयर नियम के तहत टीमों को मैच के दौरान किसी भी समय एक अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज शामिल करने की अनुमति मिलती है। इस पर अपनी राय रखते हुए गिल ने साफ कहा कि वह इस नियम के पक्ष में नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “मेरे हिसाब से इम्पैक्ट प्लेयर नहीं होना चाहिए। क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है। जिन विकेट्स पर हम खेलते हैं, वहां एक अतिरिक्त बल्लेबाज जोड़ने से खेल की असली स्किल कम हो जाती है।”

गिल ने आगे कहा कि इस खेल में एक खास तरह की क्षमता और संतुलन जरूरी होता है।

“अगर आपके कुछ बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाते हैं, तो टीम को आगे बढ़ाने के लिए स्किल की जरूरत होती है। लेकिन एक अतिरिक्त खिलाड़ी होने से खेल एकतरफा हो जाता है और इसमें स्किल का महत्व कम हो जाता है।”

उन्होंने यह भी कहा कि कठिन पिच पर 160 या 180 रन का पीछा करना ज्यादा रोमांचक होता है, बजाय इसके कि सपाट पिच पर 220 रन का आसान चेज़ किया जाए।

हालांकि, गिल और अन्य खिलाड़ियों को इस नियम में बदलाव के लिए अभी इंतजार करना होगा, क्योंकि बीसीसीआई इस पर 2027 के बाद ही फैसला ले सकता है।

गिल ने अंत में कहा, “यह नियम 2027 तक रहेगा। हमने कप्तानों की बैठक में इस पर बात भी की। मैं समझता हूं कि इससे खेल थोड़ा मनोरंजक बनता है, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मुझे यह पसंद नहीं है। आगे बीसीसीआई जो फैसला करेगा, वही मान्य होगा।”